उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

देश में आवाज इमरजेंसी में कराई जाती थी बंद : राजनाथ सिंह

  • देश को अंतर्रराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम करने वाले माफी मांगे

लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत में लोकतंत्र अगर खतरे में है तो इसकी चर्चा विदेश में क्यों? इसकी बातचीत  संसद में होनी चाहिए न कि दूसरे देशों में जाकर। जानबूझकर देश को अंतर्रराष्ट्रीय स्तर पर बदनाम किए जाने की कोशिश करने वालों को संसद में माफी मांगनी चाहिए। जनता उन्हें जान चुकी है। बिना माफी के अब बात बनने वाली नहीं। देश में आवाज इमरजेंसी में बंद कराई गई थी। राहुल गांधी का बिना नाम लिए उन्होंने हमला जारी रखते हुए कहा कि हर फोरम पर अपनी बात रखने वाले कहते हैं कि भारत में आवाज दबाई जाती है। अब ऐसा नहीं है। रक्षामंत्री शनिवार को ऐशबाग रामलीला मैदान में आयोजित लखनऊ व्यापार मंडल के होली मिलन, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में बोल रहे थे।

पहुंचे दिल्ली, निकालेंगे समस्याओं का हल: रक्षामंत्री 

व्यापारियों के हुजूम से खचाखच भरे मैदान में सम्मान से अभिभूत राजनाथ सिंह ने कहा कि व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। इनकी समस्याओं को दूर करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। व्यापारियों की ओर से दिए गए ज्ञापन पर उन्होंने कहा कि अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र समय लेकर दिल्ली आएं। सत्र समाप्त होते ही उनकी समस्याओं का निदान कराया जाएगा। दिक्कत चाहे केंद्र से जुड़ी हो या फिर वित्त मंत्री से, एक दिन का समय निकालकर उनका निस्तारण कराया जाएगा। राज्य की समस्या होगी तो उप मुख्य मंत्री ब्रजेश पाठक इसे देखेंगे।

अर्थव्यवस्था में वर्ष 2027-28 तक टॉप-तीन में होगा भारत

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत अर्थव्यवस्था के आकार के मामले में 11वें नंबर पर आता था, आज टॉप-फाइव में पहुंच गया है, वर्ष 2027-28 तक यह टॉप तीन में होगा। राजनाथ यहीं पर नहीं रुके कहा विकास की पहली शर्त होती है, कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करना। उत्तर प्रदेश ने वह करके दिखाया है, इसके लिए मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करता हूं। रक्षामंत्री के सामने ऑनलाइन कारोबार का मु्द्दा भी जोरशोर से उठाया गया। इस पर उन्होंने आश्वस्त किया। नार्थ-ईस्ट में भाजपा द्वारा फहरायी गई जीत की पताका पर उन्होंने पीएम के कार्यक्रमों और उनकी मेहनत को इसकी वजह बताया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने व्यापारियों को होली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मांगपत्र पर उन्होंने कहा कि इसे लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी और हल निकाला जाएगा। इससे पूर्व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, उप्र. उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल, संरक्षक राजेंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, महामंत्री जितेंद्र सिंह चौहान, कास्मेटिक्स अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, नीरज जौहर समेत कई प्रमुख लोगों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

नोएडा विधायक ने कराया शपथ ग्रहण

नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि हिंदुस्तान के करोड़ों लोगों के जीवन को चलाने का काम व्यापारी करता है। कोरोना के समय में जब पूरे विश्व में ताला लग गया था, ऐसे समय में अर्थव्यवस्था को बचाने और बनाने का काम आम लोगों के साथ व्यापारियों ने मिलकर किया। लखनऊ के साथ हम सबका भावनाओं का रिश्ता है, जो जीवन पर्यंत रहेगा।आप लोगों के सुझाव से लखनऊ का विकास होगा। मैं आप लोगों की बात को दिल्ली तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। शपथ ग्रहण से पहले विधायक नोएडा पंकज सिंह और प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ किया। मंचासीन पदाधिकारियों ने अंग वस्त्र और केदार नाथ मंदिर का मोमेंटो एवं तस्वीर प्रदानकर सम्मानित किया।

सपना पूरा हुआ: कंछल 

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि व्यापारियों को ताकत और सम्मान देने का मेरा सपना आज पूरा हुआ। व्यापारी सरकार से कुछ लेता नहीं है, सिर्फ देता है। व्यापारी समाज देश के लिए जीता है। समाज के लिए काम करता है। पूरी टीम ऊर्जावान है।

चेयरमैन राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद की तुलना तुलसी और नीम के पेड़ से मिलने वाले लाभ से की। कहा कि सांसद से व्यापारियों का हमेशा अनूठा रिस्ता रहा है। मौका कोई भी हो वह मदद से पीछे नहीं रहे। सचेतक अनिल विरमानी ने  कहा कि राजनाथ जी जब मुख्यमंत्री थे तब भी उनके दरवाज़े व्यापारियों के लिए खुले रहते थे। आज भी नई दिल्ली में व्यापारियों के लिए उनका दरवाज़ा खुला रहता है। इसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं।

उठा ऑनलाइन कारोबार का मुद्दा

लखनऊ उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष नवनिर्वाचित टीम लीडर अमरनाथ मिश्र ने कहा कि रक्षामंत्रित्व काल में देश की सेना का मजबूत कर उनका मनोबल बढ़ाने का ही नतीजा है कि सभी सीमाएं सुरक्षित हैं। देश का सैनिक दुश्मन की आंख में आंख डालकर उन्हें जवाब दे रहा है। दुश्मन को पीछे हटने को मज़बूर कर रहा है। अध्यक्ष ने कहा रक्षामंत्री को पांच पेज का व्यापारियों की समस्या का ज्ञापन भी सौंपा। व्यापारियों के सामने पढ़कर उन्हें सुनाया गया। इसमें विदेशों की तरह खुदरा व्यापार को बचाने के लिए ऑनलाइन कारोबार को अंकुश लगाया जाना आवश्यक बताया। ऑनलाइन बिक्री पर विदेशों की तरह 10 प्रतिशत का सेस लगाया जाए अथवा राज्य सरकार द्वारा स्थानीय कर में 10 प्रतिशत शुल्क लगाया जाए।

प्रधानमंत्री व्यापारी पेंशन का दायरा बढ़ाए जाने की बात रखी। बांग्लादेश में रेडीमेड का कारोबार बढ़ने का कारण समान पर प्रणाली है। रेडीमेड वस्तुओं का निर्यात बढ़ाने और जूता चप्पल पर पांच प्रतिशत जीएसटी की दर होनी चाहिए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण कानून में जरूरी संशोधन, सैंपलिंग के तौर-तरीकों में बदलाव, ड्रग लाइसेंस लेते समय फूड लाइसेंस भी दिया जाए।

वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने अन्य प्रदेशों की तरह लखनऊ के रिफ्यूजी मार्केट के व्यापारियों का स्वामित्व देने की मांग सर्किल रेट के हिसाब से मिलने की बात कही। वह डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट को बढ़ावा देने के लिए यह जरूरी है कि खुदरा एवं थोक व्यापारियों को सरकार के सर्वेक्षणों द्वारा प्रोत्साहन प्राप्त होना चाहिए। कार्यक्रम में गौरव महेश्वरी, स्टेशनरी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान, एमरा अध्यक्ष नीरज जौहर, महामंत्री अभिषेक खरे, विनोद महेश्वरी, साकेत शर्मा, महेश गुप्ता, कुश मिश्र, अभिषेक मेहरोत्रा, विशाल गौड़, मनीष गुप्ता, नीरज गुप्ता, लालू गुप्ता आदि कई व्यापारी नेता मौजूद रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button