उत्तर प्रदेशमुरादाबादराज्यसम्भल

संभल से सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क का निधन, लंबे समय से अस्पताल में थे भर्ती

मुरादाबाद/संभल। समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क का निधन हो गया है। वह लंबे समय से मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती थे। हाल ही में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भी समाजवादी पार्टी ने इन्हें उम्मीदवार बनाया था।

94 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
संभल से सपा के सबसे वरिष्ठ सांसद शफीकुर्रहमान का निधन हो गया है। 94 साल की उम्र में उन्होंने मुरादाबाद के कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। समाजवादी पार्टी के वे सबसे वरिष्ठ सदस्यों में एक थे। वह कई बार समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में मुरादाबाद से भी चुनाव लड़े थे।

चाहने वालों में शोक की लहर
साल 2019 लोकसभा चुनाव में संभल से सांसद चुने गए। इस बार उन्हें सपा ने संभल से लोकसभा प्रत्याशी घोषित कर दिया था। सपा सांसद को इस साल की शुरू में निजि हॉस्पिटल में लंग्स और किडनी में इन्फेक्शन होने की वजह से भर्ती कराया था। सपा सांसद उन मुस्लिम नेताओं में से एक थे जो किसी भी मौके पर अपनी बात को बेबाकी से रखते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही अस्पताल में उनके चाहने वालों और पार्टी कार्यक्रताओं और नेताओं का जमावड़ा लग गया। उनके चाहने वालों में शोक की लहर है।

वहीं, डॉक्टर अनुराग महरोत्रा ने बताया कि सपा सांसद बर्क का काफी लंबे समय से इलाज चल रहा था। उन्हे लंग्स में इन्फेक्शन और किडनी की समस्या थी। लंग्स में इन्फेक्शन होने की वजह से सांस लेने में दिक्कत आ रही थी जबकि किडनी में क्रिएटिनिन काफी बड़ा हुआ था। इसके अलावा शरीर के  कई हिस्से भी ठीक से काम नही कर रहे थे। उन्हे काफी परेशानी थी। फिलहाल बर्क के पार्थिव शरीर को उनके परिजन संभल ले गए हैं।

बर्क के निधन पर सपा ने जताया दुख
बर्क के निधन पर सपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर कहा, ”समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, कई बार के सांसद जनाब शफीकुर्रहमान बर्क साहब का इंतकाल, अत्यंत दु:खद। उनकी आत्मा को शांति दे भगवान। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दु:ख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!”

मुरादाबाद से सपा सांसद एसटी हसन ने दुख जताया
संभल से सपा सांसद बर्क के निधन पर मुरादाबाद से सपा सांसद एसटी हसन ने दुख जताया। उन्होंने कहा सपा सासंद बर्क साहब का निधन हमारे और हमारी पार्टी दोनो के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। देश का बहुत बड़ा नेता दुनिया से रुखसत हो गया है। ऐसा नेता जिसने कभी किसी से डर के काम नही किया जिसने हमेशा दिलेरी और हक इंसाफ की बात की। उन्होंने कहा शफीक उर रहमान इतने बोल्ड, इतने बहादुर, और इतने ईमानदार नेता देश में बहुत कम रह गए हैं।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button