उत्तर प्रदेशकुशीनगरबड़ी खबर

सुख, समृद्धि व शांति में विश्वास करते हैं प्रदेश के नागरिक : सीएम योगी

  • सामर्थ्य को समृद्धि से जोड़ने में जुटी है सरकार : मुख्यमंत्री
  • कुशीनगर में 451 करोड़ रुपये की 106 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण
  • सीएम योगी बोले, ”पहले चंद लोगों की जेब में चला जाता था विकास का पैसा”

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के नागरिक सुख, समृद्धि व शांति में विश्वास करते हैं। उपद्रव में नहीं, उत्सव में विश्वास करते हैं। माफिया नहीं महोत्सव में विश्वास करते हैं। प्रदेश के लोगों में बड़ा सामर्थ्य है। सरकार इस सामर्थ्य को समृद्धि से जोड़ने में लगी है।

मुख्यमंत्री योगी बुधवार को कुशीनगर जिले के खड्डा स्थित गांधी किसान इंटर कॉलेज में आयोजित शिलान्यास-लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे रहे थे। जनपद को सौगात देते हुए उन्होंने 451 करोड़ रुपये की लागत वाली 106 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही प्रदेश है जहां पहले विकास का पैसा चंद लोगों की जेब में चला जाता था। पर्व-त्यौहार आते ही दंगों के भय से लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे। शासन-प्रशासन द्वारा पर्वों को प्रतिबंधित कर दिया जाता था। अब हर पर्व उत्साह से मनाया जा रहा है। वर्तमान में नवरात्र व रमजान एक साथ चल रहे हैं। कहीं भी कोई हलचल नहीं है।

हर व्यक्ति तक पहुंचेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर योजना का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचेगा। कोई भी डकैती नहीं डाल सकता। अब एक सकारात्मक माहौल बन चुका है। मां लक्ष्मी की भी कृपा है। बड़ी बड़ी परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं।

पेट्रोल-डीजल के लिए अन्नदाता पर निर्भरता

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर में बायोफ्यूल व एथेनॉल उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। चीनी मिलें ठीक से कार्य करें तो यहां प्रचुर मात्रा में एथेनॉल का उत्पादन होगा। पेट्रोल व डीजल के लिए अरब देशों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पेट्रोल व डीजल पर भारत 16 लाख करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। हम दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहेंगे। हमारी निर्भरता सिर्फ अन्नदाता किसानों पर होगी।

भारत के पैसे से अन्नदाता समृद्ध होंगे

योगी ने कहा कि एथेनाल का पैसा सीधे किसानों के खातों में पहुंचेगा। भारत के पैसे से दुनिया समृद्ध नहीं, बल्कि देश का अन्नदाता समृद्ध होगा। उन्होंने बताया कि एक उद्यमी यहां पर एथेनॉल प्लांट लगाने जा रहे हैं। निवेश के अनुरूप फट्रेंड मैनपावर मिले, इसके लिए हमें आईटीआई, डिग्री कॉलेजों, विश्वविद्यालयों से औद्योगिक संस्थानों को जोड़ने की जरूरत है। युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के लिए आधा मानदेय उद्योग देंगे तो आधा मानदेय पीएम-सीएम इंटर्नशिप योजना के तहत सरकार देगी।

विपत्ति में नागरिकों के साथ खड़ी रही सरकार

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज गरीबों, वंचितों को न्याय व शासन की सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। कोरोना संकट में भी भारत अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा था। गांव-गांव में भाजपा कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा व उनकी सभी सुविधा के लिए अलख जगा रहे थे। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में सभी के लिए फ्री टेस्ट, फ्री उपचार, फ्री वैक्सीन, देश में 80 करोड़ तथा प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ देने की व्यवस्था की गई।

कुशीनगर मेरे लिए अपने घर जैसा

गोरक्ष पीठाधीश्वर ने कहा कि कुशीनगर मेरे लिए अपने घर जैसा है। लंबे समय तक आप सबके बीच रहकर यहां की समस्याओं को जानने तथा कार्य करने का मुझे लंबा अनुभव है। आपके बीच रहकर जो जाना और सीखा उस अनुभव का लाभ आज उत्तर प्रदेश को मिल रहा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button