उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

पार्टी कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं : केशव प्रसाद मौर्य

  • – कार्यकताओं ने जिले की स्थिति से उपमुख्यमंत्री को कराया अवगत
  • – पुलिस के चालान को लेकर रोष व्यक्त किया

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को यहां कहा कि कार्यकर्ताओं के मान सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनहित में कार्य करने और कराने से कोई गुरेज ना करें। उपमुख्यमंत्री बुधवार को जिले के भाजपा जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री के समक्ष तमाम समस्याओं को रखा और उनके निस्तारण के लिए मांग की। उन्होंने सभी को आश्वासन दिया कि उनकी जो भी समस्याएं हैं उनको गंभीरता से लेंगे और प्रशासन के अधिकारियों से बात करके उनका हल कराएंगे।

इससे पहले श्री मौर्य होटल वेस्ट व्यू पहुंचे, यहां उन्होंने पार्टी के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से जिले का हाल जाना। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें समस्याओं से अवगत कराते हुए पुलिस की ज्यादती के प्रति अपना आक्रोश भी जताया। कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि जब से कमिश्नरेट का सृजन हुआ है तब से अपराधों में वृद्धि हुई है। खास तौर पर पुलिस आम लोगों के वाहनों के चालान कर रही है, जिसके चलते लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। एक कार्यकर्ता ने कहा कि पुलिस इसको लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनती है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस को यह पता लग जाता है कि वह भाजपा कार्यकर्ता हैं तो उनका और ज्यादा उत्पीड़न करती है। एफआईआर दर्ज कराने में भी गुरेज नहीं करती। उन्होंने कहा कि पुलिस के इस रवैया से आम जनता त्रस्त है।

उप मुख्यमंत्री ने इसको लेकर कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वह इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगे। इसके अलावा कुछ कार्यकर्ताओं ने आरटीओ ऑफिस साहिबाबाद में शिफ्ट करने की मांग की। उनका कहना था कि गाजियाबाद आने में समय और धन दोनों ज्यादा खर्च होता है। साथ ही खोड़ा कॉलोनी समेत कई कॉलोनियों में गंगा जल की आपूर्ति पाइप लाइन से कराने की भी मांग की। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान सम्मान और स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भाजपा की सरकार में सभी वर्गों का ख्याल रखा जाता है और योगी सरकार उसको बखूबी निभा रही है। इस बैठक में जिला अध्यक्ष गणेश कुमार सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक सुनील शर्मा, अतुल गर्ग, नंदकिशोर, महानगर मंत्री गुंजन शर्मा समेत तमाम भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button