उत्तर प्रदेशलखनऊ

भ्रष्टाचार पकड़ा गया तो ईडी पर दबाव डालने की कोशिशः ब्रजेश पाठक

  • उप मुख्यमंत्री बोले- जो बेल पर हैं वह नारा दे रहे हैं आओ दिल्ली को घेरो

लखनऊ। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो जेल से बेल पर हैं वह दिल्ली को घेरने के लिए नारा दे रहे हैं। उनका भ्रष्टाचार पकड़ा गया है, इसलिए ईडी पर दबाव डालने की कोशिश की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि आज भ्रष्टाचार के इस मामले में कुछ प्रश्नों का जवाब कांग्रेस एवं राहुल गांधी को देश के समक्ष देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि क्या 1930 के दशक में एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड (एजेएल) समाचार पत्र पब्लिश करने के लिए कंपनी बनी थी या नहीं? यह कंपनी 5000 स्वतंत्रता सेनानियों की भागीदारी से बनी थी या नहीं? उन्होंने पूछा कि क्या आज वही कंपनी गांधी परिवार के अंतर्गत यंग इंडियन रियल एस्टेट बिजनस नहीं कर रही है ? क्या 2010 में पांच लाख रुपये से यंग इंडियन कंपनी बनाई गई थी, उसमें 76% की भागीदारी राहुल एवं सोनिया गांधी की है या नहीं?

उन्होंने राहुल गांधी से यह भी पूछा कि क्या यंग इंडियन के माध्यम से एजेएल की 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा की पूरी संपत्ति जो स्वतंत्रता सेनानियों की थी, वह एक परिवार को सौंप दी गई? उन्होंने कहा कि कांग्रेस जवाब दे कि डॉटेक्स मर्चेंडाइज जो कोलकाता की एक हवाला कंपनी है, उसके साथ राहुल गांधी, सोनिया गांधी के यंग इंडियन कंपनी का क्या संबंध है?

पाठक ने आरोप लगाया कि 2010 में एजेएल के सारे शेयर गांधी परिवार की यंग इंडियन को ट्रान्सफर कर दिए गए और इसी के साथ दो हजार करोड़ की एजेएल की पूरी संपत्ति गांधी परिवार को भ्रष्टाचार के तहत दे दी गई। कांग्रेस के द्वारा जनता से चंदे के रूप में मिले 90 करोड़ रुपये को यंग इंडियन को लोन रूप में दिया गया और उसी लोन को माफ कर दिया गया था। 2010 यंग इंडिया चैरिटेबल कंपनी के रूप में बनाई गई थी, जिसमें 2016 तक कोई भी चैरिटेबल काम नहीं किया गया बल्कि उसमे रियल एस्टेट का काम शुरू किया गया।

उप मुख्यमंत्री पाठक ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि गांधी परिवार के भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए दिल्ली को घेरकर आम जनता को परेशान करने का घिनौना काम कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस द्वारा गांधी परिवार के भ्रष्टाचार को दबाने के कार्य की भाजपा घोर भर्त्सना करती है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button