UP Roadways: पांच नए रूटों पर चलेंगी बसें

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में बस कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। निगम पांच नए रूटों पर बसों का संचालन शुरू करेगा। इन रूटों के सर्वे को मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है और करीब 10 नई बसें बेड़े में शामिल होने वाली हैं।
पहले रूट में कैसरबाग से चौक, बालागंज, ठाकुरगंज, दुर्गागंज, काकोरी, भलिया, बहरू और सेफलपुर होते हुए बस सेवा प्रस्तावित है। वहीं आलमबाग बस अड्डे से बाराबिरवा, तिकोनिया पारा, टोल और बहरू चौराहा होते हुए भी नया रूट जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा कैसरबाग से बीकेटी, चंद्रिका देवी, सैदापुर, माल, नेवादा, गोंडवा और भैनगांव होकर नैमिषारण्य तक बसें चलाने की योजना है। इससे लखनऊ से नैमिषारण्य जाने वाले यात्रियों को सीधी बस कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ से वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर के लिए नॉनस्टॉप बस सेवा भी शुरू करने की तैयारी है। इससे इन प्रमुख शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को समय की बचत हो सकती है और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को संभालने में मदद मिलेगी।
आलमबाग से मोहनलालगंज, निगोहा, नगराम लिंक मार्ग, सुदौली और असरेंदा को जोड़ने वाले रूट को भी योजना में शामिल किया गया है। परिवहन निगम के लखनऊ क्षेत्र के अधिकारियों के मुताबिक, लखनऊ से सटे कई ऐसे इलाके हैं जहां अभी नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं है। नए रूट इन्हीं क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को ध्यान में रखकर चिह्नित किए गए हैं।



