उत्तर प्रदेशलखनऊ

पांच बजे के बाद भी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक की हो तैनाती: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक

  • बिना परीक्षण मरीजों को दूसरे अस्पताल न भेजा जाए
  • बैठक में एनेक्सी भवन में विभागीय आला अफसरों को दिए निर्देश

लखनऊ। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को एनेक्सी भवन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।डिप्टी सीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि सीएचसी-पीएचसी पर आने वाले मरीजों को बिना परीक्षण किए दूसरे अस्पतालों में रैफर न किया जाए और बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले चिकित्साधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। शाम पांच बजे के बाद भी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक की तैनाती की जाए। सभी जिला चिकित्सालयों, सीएचसी, पीएचसी, सब सेंटरों एवं वेलनेस सेंटरों में चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल वर्कर्स की अनिवार्य रूप से उपस्थिति दर्ज की जाए। अगर कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी बगैर सूचना दिए अनुपस्थित रहता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि शाम पांच बजे के बाद प्रत्येक सीएचसी में एक चिकित्सक की उपस्थिति जरूर रहे। जिला चिकित्सालय सहित समस्त सीएचसी, पीएचसी, सब सेंटर, वेलनेस सेंटरों में अनिवार्य रूप से जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता के भी निर्देश दिए एवं समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए। डिप्टी सीएम ने कहा कि नवनिर्मित सीएचसी को क्रियाशील करने के लिए पदों के सृजन का प्रस्ताव एक सप्ताह के अंदर महानिदेशालय द्वारा शासन को उपलब्ध कराया जाए।

संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर, उसके क्रियांवयन के निर्देश भी दिए। कहा कि स्कूलों के माध्यम से किशोरियों को किशोरी योजना के तहत सेनेट्री नेपकिन वितरित किए जाएं और स्कूलों में टीम भेजकर विद्यार्थियों की जांच कराई जाए एवं विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डिजीटल एक्स-रे मशीनों को 90 दिनों में स्थापित किया जाए। वहीं बैठक के दौरान बैठक प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा, समस्त विशेष सचिव, एमडी एनएचएम, एमडी उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन, महानिदेशालय के समस्त निदेशक एवं विभागीय अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button