उत्तर प्रदेशबड़ी खबर
प्रेरणा विमर्श-2026 का समापन, सीएम योगी ने किया संबोधित
प्रेरणा विमर्श-2026 का आयोजन 19 और 20 सितंबर को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ रहा। आयोजन में महिलाओं और युवाओं से जुड़े सामाजिक विषयों के साथ तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल मीडिया, उद्यमिता, कौशल विकास और महिला नेतृत्व जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का उल्लेख करते हुए समाज में महिलाओं और युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम में शिक्षाविद, पत्रकार, वैज्ञानिक, शोधार्थी, युवा उद्यमी और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत 108 कुंडीय ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ से हुई थी, जिसमें आयोजकों के अनुसार करीब 1200 महिलाओं ने सहभागिता की। दो दिवसीय आयोजन के विभिन्न सत्रों में युवा सोच, नए भारत, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सरोकारों पर संवाद किया गया।
समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘प्रेरणा विचार’ और ‘केशव संवाद’ पत्रिकाओं के नए अंकों का विमोचन किया। कार्यक्रम में नारी सम्मान और युवा स्वाभिमान को सामाजिक विकास तथा राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे।