यूपी में 8 नए एक्सप्रेसवे, टेंडर फाइनल करने की डेडलाइन तय

उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क को और विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक में आठ नए लिंक और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया तय समय सीमा में पूरी करने और परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
चार परियोजनाओं—फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे—के टेंडर 15 अक्टूबर तक फाइनल करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 30 अक्टूबर की समय सीमा निर्धारित की गई है।
इसके अलावा मेरठ-हरिद्वार लिंक एक्सप्रेसवे, विंध्य एक्सप्रेसवे और विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के टेंडर 30 नवंबर तक अंतिम किए जाने हैं। बैठक में अधिकारियों से विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी के जरिए परियोजनाओं को निर्धारित समय पर आगे बढ़ाने को कहा गया।
एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के साथ औद्योगिक कॉरिडोर और क्लस्टर की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के तहत अब तक 28,874 एकड़ भूमि अधिग्रहित होने की जानकारी दी गई, जबकि महायोजना-2045 को 25 अक्टूबर तक मंजूरी दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।



