यूपी में बारिश का अलर्ट, लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश
बंगाल की खाड़ी में बने गहन अवदाब के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और दक्षिणी यूपी में बारिश की तीव्रता बढ़ने के साथ इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों तक भी पहुंच सकता है।
लखनऊ में 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ पूर्वानुमान में दोनों दिनों के लिए 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना दर्ज की गई है।
शनिवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना बताई गई है। पूर्वी यूपी के कई जिलों में रविवार तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
बारिश के साथ तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। लखनऊ में भी बारिश और बादलों के कारण मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने का अनुमान है।



