लखनऊ बाढ़ पर बड़ा फैसला, फैजुल्लागंज से नैमिष तक बनेगा तटबंध: मुख्यमंत्री
स्कूल, मैरिज हॉल आदि में रुकने, भोजन आदि की व्यवस्था करे प्रशासनः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित फैजुल्लागंज, बख्शी का तालाब और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं, राहत सामग्री वितरित की और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
गोमती नदी में बढ़े जलस्तर के कारण फैजुल्लागंज से लेकर बख्शी का तालाब और नैमिष की दिशा में कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
प्रस्तावित तटबंध को ग्रीन कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की योजना बताई गई है। इसके साथ आवागमन के लिए रास्ता बनाने की भी बात कही गई है, जिससे बाढ़ सुरक्षा के साथ स्थानीय लोगों को आने-जाने की सुविधा मिल सके।
तटबंध के साथ जल निकासी की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि तटबंध के बाहर बारिश का पानी जमा न हो और जरूरत पड़ने पर पंपिंग सेट के जरिए आबादी वाले क्षेत्रों से पानी बाहर निकाला जा सके।
मुख्यमंत्री के मुताबिक हाल की बाढ़ में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और नेपाल में हुई बारिश का पानी कुछ दिनों बाद नीचे की ओर पहुंचने से गोमती का जलस्तर बढ़ा। अब प्रस्तावित तटबंध और जल निकासी व्यवस्था के जरिए भविष्य में बाढ़ के प्रभाव को कम करने की कोशिश की जाएगी।



