लखनऊ-हरदोई हाईवे पर आज से टोल, जानें नई दरें

लखनऊ-हरदोई के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अहम खबर है। संडीला के लखनऊ बॉर्डर के पास स्थित सहिजना टोल प्लाजा पर गुरुवार से विधिवत टोल वसूली शुरू हो जाएगी। अब लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी टोल शुल्क देना होगा।
सहिजना टोल प्लाजा पर कार और जीप से एक तरफ यात्रा के लिए 55 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर दोनों तरफ का कुल टोल 80 रुपये देना होगा।
बस और ट्रक से एक तरफ यात्रा करने पर 180 रुपये टोल लगेगा, जबकि 24 घंटे के भीतर वापसी के लिए 270 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इससे लखनऊ-हरदोई मार्ग पर नियमित सफर करने वाले वाहन चालकों की यात्रा लागत बढ़ेगी।
टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय लोगों के लिए मासिक पास की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। स्थानीय वाहन मालिकों को इसके लिए 360 रुपये प्रतिमाह शुल्क देना होगा। पास बनवाने के लिए आधार कार्ड और वाहन की आरसी प्रस्तुत करनी होगी।
मासिक पास जारी करने के लिए आधार कार्ड और आरसी में दर्ज पता एक समान होना जरूरी होगा। टोल प्लाजा पर फिलहाल ट्रायल चल रहा है और इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत टोल वसूली शुरू की जाएगी।
एनएच-731 पर लखनऊ से हरदोई तक सड़क निर्माण पूरा होने के बाद सहिजना टोल प्लाजा को शुरू किया जा रहा है। टोल शुरू होने के साथ इस मार्ग से नियमित आवागमन करने वाले लोगों को अब यात्रा से पहले निर्धारित शुल्क का ध्यान रखना होगा।



