श्रमिकों के साथ सरकार कर रही सौतेला व्यवहार: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि कोरोना संकट काल में भाजपा का रवैया यह जताने का है कि वही सब कुछ कर रही है और जनता व विपक्ष का सहयोग नहीं कर रही है। अखिलेश यादव ने शुकवार को जारी बयान में कहा कि यह खब़र तो बहुत दुःखदायी है कि अपने प्रदेश के श्रमिकों के साथ भाजपा सरकार गैरों जैसा व्यवहार कर रही है।
मुंबई से 18 दिन पैदल चलकर महोबा पहुंचे उत्तर प्रदेश के श्रमिकों को महोबा प्रशासन ने उलटे मध्य प्रदेश भेज दिया। भाजपा सरकार कागजों पर ही श्रमिकों की मदद का ढोंग कर रही है। दूसरे राज्यों से लाखों श्रमिक बसों में कैसे आ पाएंगे ? अच्छा होता राज्य सरकार केन्द्र से रेलवे की ट्रेन की मांग करे जिससे चेन्नई सहित अन्य दूरदराज के राज्यों से श्रमिकों को सकुशल लाया जाना सम्भव हो सकेगा।
सरकारी अव्यवस्था और अदूरदर्शिता का हाल यह है कि प्रदेश की भाजपा सरकार के पास राज्य के अंदर और बाहर के प्रदेशों में काम करने वालों की सही संख्या क्या है? अब तक लाखों श्रमिक आ चुके हैं फिर भी उतनी ही श्रमिक दूसरे राज्यों में फंसे हैं। विभिन्न राज्यों में जो श्रमिक जहां रूक गया है वहां से वह अपने गृह जनपद नहीं जा पा रहा है।
भूख और आशंकाओं से घिरा श्रमिक की जिंदगी बदहाल है। इनके अलावा विभिन्न राज्यों में तीर्थयात्री और छात्र भी हैं जिनको लाने में कई राज्यों से होकर आना होगा जब राज्य सरकार के पास प्रवासी और राज्य के श्रमिकों का सही आंकड़ा ही नहीं है तो वह रोजगार कैसे देगी? उनके रहने-खाने की व्यवस्था भी लम्बे समय तक कैसे होगी? समाजवादी पार्टी इसीलिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर रही है ताकि कोरोना संक्रमण काल में रोजी-रोटी के सवाल पर भी सार्थक विचार विमर्श हो सके।