उत्तर प्रदेशवाराणसी

किसान भाजपा सरकार में दुखी नहीं : स्वाति सिंह

वाराणसी। प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने शनिवार को विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। वाराणसी में पिछले दिनों कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के किसान न्याय रैली पर तंज कसते हुए स्वाति ने कहा कि रैली के नाम पर लोग किसानों को बरगला रहे हैं।

स्वाति ने कहा कि भाजपा और दूसरी पार्टियों में यही अंतर देखने को मिलता है। विपक्षी पार्टियां चुनाव देखकर सिर्फ रैली करती है। जबकि भारतीय जनता पार्टी हमेशा काम करती है। एक दिवसीय दौरे पर शहर में आई स्वाति सिंह मीडिया से रूबरू थी। लखीमपुर मामले को लेकर हमलावर विपक्षी दलों के सवाल पर उन्होंने सत्ताधारी दल पर लगे सारे आरोपों को नकार कहा कि किसान यदि सरकार से संतुष्ट नहीं होते तो लखनऊ की किसान सम्मान रैली में इतने लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सुनने नहीं आते। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले सभी लोग किसान नहीं हैं। उन्हें कुछ लोगों द्वारा बरगलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि किसान भाजपा सरकार में दुखी नहीं है।

मंत्री को सामाजिक संस्था ने किया सम्मानित

शहर में प्रवास के दौरान राज्यमंत्री स्वाति सिंह 7 डेज फाउंडेशन संस्था के स्थापना समारोह में भी शामिल हुई। संस्था की अध्यक्ष कोमल गुप्ता ने बताया कि महिलाओं को सशक्त बनाने एवं उनको रोजगार दिलाने और उनके स्वास्थ्य को लेकर संस्था लगातार 2 वर्षों से कार्य कर रही है । वर्षगांठ पर संस्था की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता परिचर्चा के बाद समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे प्रदेश के अन्य जिलों से आए सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव,हिन्दू युवा वाहिनी के मंडल अध्यक्ष अम्बरीश सिंह भोला,पूर्व एमएलसी विनीत सिंह भी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button