जींस की छोटी जेब का असली राज़: क्यों दी जाती है ये मिनी पॉकेट?

हम सभी जींस पहनते हैं और लगभग हर जींस में एक छोटी सी मिनी जेब जरूर होती है। कई बार लोग इसका इस्तेमाल सिक्के रखने, चाबियाँ डालने या सिर्फ डिजाइन समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस छोटी जेब का एक पुराना और दिलचस्प इतिहास है? असल में जींस की इस मिनी पॉकेट को आज से लगभग 150 साल पहले बनाया गया था और इसका उद्देश्य पूरी तरह अलग था।
सबसे पहले 1879 में Levi’s कंपनी ने जब जींस बनाई, तब इस छोटी जेब का असली काम था — पॉकेट वॉच यानी छोटी घड़ी रखना। उस समय ज्यादातर लोग अपनी गोल छोटी घड़ी चेन के साथ रखते थे, लेकिन उसे सुरक्षित और आसानी से निकालने के लिए जींस में यह खास जेब डिजाइन की गई। यह छोटी पॉकेट उस घड़ी को टूटने से बचाती थी और उसे हमेशा सुरक्षित जगह पर रखती थी। इसलिए इसे “Watch Pocket” या “Fob Pocket” भी कहा जाता था।
जैसे-जैसे समय बदलता गया, जेब का उपयोग और जींस पहनने वालों का स्टाइल भी बदला। अब लोग पॉकेट वॉच तो रखते नहीं, लेकिन यह छोटी जेब जींस के डिज़ाइन का हिस्सा बनकर आज भी बनी हुई है। कुछ लोग इसे सिक्के रखने, यूएसबी, रिंग, चाबियाँ, दवाइयाँ या कोई छोटा सामान रखने के लिए इस्तेमाल करने लगे। कई फैशन ब्रांड ने इसे अपनी पहचान बना लिया और इसलिए इसे हटाया नहीं गया।
यानी यह मिनी पॉकेट सिर्फ एक डिजाइन नहीं, बल्कि फैशन इतिहास की एक निशानी है, जो आज भी जींस की परंपरा का हिस्सा है। खास बात यह है कि इस जेब का आकार दशकों से लगभग वैसा ही रखा गया है ताकि उसका क्लासिक लुक बना रहे।
फैशन एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि भले ही इसका मूल उद्देश्य अब बदल गया हो, लेकिन जींस से इस छोटी जेब को हटाने की हिम्मत कोई बड़ा ब्रांड नहीं करता क्योंकि यह एक “क्लासिक आइकॉनिक डीटेल” है।



