बड़ी खबरविदेश

अमेरिका की शरण में यूक्रेन! जेलेंस्की से बोले बाइडेन- ‘शांति के लिए करते रहेंगे आपकी मदद’

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अमेरिका के अपने दौरे पर हैं और इस दौरान राष्ट्रपति जो बाइडन ने व्हाइट हाउस में अपनी पत्नी के साथ जेलेंस्की का स्वागत किया. फिलहाल ओवल ऑफिस में जेलेंस्की और बाइडेन के बीच मीटिंग चल रही है. इस दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने राष्ट्रपति जो बाइडेन, अमेरिकी सांसदों और अमेरिका के आम लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जेलेंस्की से कहा कि यूक्रेनियन दुनिया को प्रेरित करते हैं और शांति के लिए हम आपकी मदद करते रहेंगे. जेलेंस्की ने बाइडेन से कहा कि आपके साथ होना एक सम्मान की बात है और इस युद्ध का असली नायक अमेरिका ही है.

वहीं बाइडेन ने यूक्रेन के लिए वित्तीय, सैन्य और मानवीय सहायता जारी रखने का वादा किया. बाइडेन ने यह भी चेतावनी दी कि रूस युद्ध में सर्दियों को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है. जेलेंस्की ने कहा कि वह पहले के समय में संयुक्त राज्य अमेरिका का दौरा करना चाहते थे, लेकिन नहीं कर सके. उन्होंने जोर देकर कहा कि “युद्ध खत्म नहीं हुआ है” और रूस से लड़ने में उनके देश को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.

1.85 अरब डॉलर की सैन्य सहायता

वहीं यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की पहली घोषित विदेश यात्रा से पहले अमेरिका ने कीव को 1.85 अरब डॉलर की सैन्य सहायता देने की घोषणा की. जेलेंस्की की अमेरिका यात्रा और राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाकात से पहले अमेरिका ने यूक्रेन को इस सैन्य सहायता के तहत पैट्रियॉट मिसाइल की बैटरी भेजने की भी घोषणा की. अमेरिकी प्रशासन ने यूक्रेन के लिए सैन्य सहायता की यह घोषणा जेलेंस्की के अमेरिका पहुंचने से महज कुछ घंटे पहले की.

एक अरब डालर के हथियार शामिल

इस पैकेज के तहत पेंटागन के भंडार से एक अरब डालर कीमत के हथियार और उपकरण शामिल हैं. इनमें पहली बार अमेरिकी पैट्रियॉट मिसाइल की बैटरी भेजना भी शामिल है. वहीं 85 करोड़ डॉलर की राशि यूक्रेन सुरक्षा सहायता पहल के तहत दी जाएगी. वहीं, अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बयान में कहा, ऐसे में जब रूस यूक्रेन के भीतर महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर लगातार हमले कर रहा है, अमेरिका यूकेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का वाशिंगटन डीसी में आज स्वागत करता है और यूक्रेन के लोगों के साथ खड़े रहने की अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button