देशबड़ी खबर

JDU अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद मीडिया पर भड़के ललन सिंह

नई दिल्ली: जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शुक्रवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में JDU का अध्यक्ष चुन लिया गया। अपने पद से इस्तीफा देने के बाद ललन सिंह मीडिया पर बुरी तरह बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि मीडिया बीजेपी के इशारे पर चलती है। ललन सिंह ने कहा, ‘पिछले 8 दिन से खबर चल रही है कि नीतीश और ललन सिंह में मतभेद है। मैं बता देता हूं कि जबसे नीतीश जी के साथ जुड़ा हूं तबसे उनके साथ हूं।’

‘मैंने सीएम से कई बार आग्रह किया था कि…’

ललन सिंह ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कहा, ‘जब मैं अध्यक्ष बना तब भी मैंने अपनी असहमति जताई थी। उसके बाद मैंने सीएम से कई बार कहा कि मुझे जिम्मेदारी से मुक्त कर दीजिए। मैं यह बात करीब 6 महीने से कह रहा हूं क्योंकि मुझे चुनाव लड़ना है।’ बता दें कि ललन सिंह ने ही अध्यक्ष पद छोड़ते हुए नीतीश के नाम का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले इस महत्वपूर्ण मोड़ पर पार्टी को उनके नेतृत्व की आवश्यकता होगी, जबकि वह खुद अपना चुनाव लड़ने में व्यस्त होंगे।

‘नीतीश ही जेडीयू के एकमात्र सर्वमान्य नेता हैं’

बिहार के मुंगेर से सांसद ललन सिंह ने कहा, ‘मीडिया कह रहा है कि नीतीश BJP के साथ जा रहे हैं। हम कैसे जा सकते हैं? BJP के साथ कभी नहीं जाएंगे। जनता दल यूनाइटेड के एक ही सर्वमान्य नेता हैं और वो हैं नीतीश कुमार। 2020 में नीतीश मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन करके दबाव डाला तब उन्होंने पद स्वीकार किया। बीजेपी के छोटे-छोटे नेता नीतीश जी को लेकर बयान देते हैं। उनके साथ कौन जाएगा? हमें खुशी है कि नीतीश जी ने अध्यक्ष पद स्वीकार किया है।’

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button