अयोध्याउत्तर प्रदेशबड़ी खबर

सीएम योगी ने राम जन्मभूमि में किए दर्शन: एयरपोर्ट और अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन पर देखीं तैयारियां, सेल्फी भी ली

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच गए हैं. वह प्रसिद्ध सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि दर्शन के लिए रवाना हुए. हनुमानगढ़ी पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्शन-पूजन किया. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के उद्घाटन और अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेजबान के रूप में मौजूद रहेंगे. इसके अलावा योगी सरकार के कई अन्य मंत्री भी अयोध्या में रहेंगे. इस कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रात अयोध्या में ही प्रवास करेंगे.

सरयू तट के किनारे बने अस्थायी हेलीपैड से सड़क मार्ग के जरिए हनुमानगढ़ी पहुंचे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजरंगबली का दर्शन-पूजन किया. पुजारी राजू दास ने मुख्यमंत्री को दर्शन-पूजन करवाया. हनुमानगढ़ी के संतों से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम जन्मभूमि परिसर के लिए रवाना हो गए. जहां पर उन्होंने प्रभु श्रीराम के दर्शन किए और उनकी आरती उतारी. इसके बाद सबसे पहले अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन की तरफ रुख किया. वहां पर उन्होंने कल होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की समीक्षा की.

स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कुछ आवश्यक निर्देश भी दिए. वहीं, जो कमियां नजर आईं उन्हें सुधारने के भी निर्देश दिए. कल अयोध्या धाम जंक्शन से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या धाम जंक्शन की नवनिर्मित बिल्डिंग का लोकार्पण भी करेंगे. पीएम के आगमन को लेकर सभी तैयारियां चुस्त दुरुस्त रहे इसके लिए सीएम ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए.

अयोध्या धाम जंक्शन से महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जाते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के मुख्य सड़क मार्ग का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान लता मंगेशकर चौक पहुंचने पर सीएम योगी ने इस चौराहे का अवलोकन किया. यहां पर की गई साज सज्जा और सुंदरता को देखते हुए सीएम योगी अपने को रोक नहीं पाए और अपने अंदाज से बेहद हटकर पहली बार उन्होंने मोबाइल से सेल्फी भी ली. सेल्फी लेने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पहुंचा. जहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट पर की गई तैयारी की समीक्षा की. सीएम योगी ने प्रधानमंत्री द्वारा संबोधित की जाने वाली जनसभा के लिए मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया. कल इसी जनसभा स्थल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. बता दें कि कल के कार्यक्रम को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की कुछ तस्वीरें साझा की हैं.

बता दें कि शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी अयोध्या आएंगे. इस दौरान पीएम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. हालांकि, एयरपोर्ट का नाम अब महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हो गया है. एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले नाम बदला गया. एयरपोर्ट के नाम के परिवर्तन का नोटिफिकेशन जिला प्रशासन अयोध्या के पास आ गया है.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button