उत्तर प्रदेशराज्यसुलतानपुर

सुलतानपुर: अलंकार योजना के तहत हाइटेक होंगे छह संस्कृत विद्यालय, मिलेंगी ये सुविधाएं

सुलतानपुर। जिले में 50 साल से अधिक के छह संस्कृत विद्यालयों का प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत कायाकल्प किया जाएगा। यह विद्यालय भी आदर्श विद्यालय के रूप में दिखेंगे। विद्यालय अच्छा ही नहीं दिखेगा बल्कि उसमे स्मार्ट क्लास भी चलेंगी। शासन ने अलंकार योजना के तहत बेसिक शिक्षा विभाग की तर्ज पर कायाकल्प करने की कवायद शुरु की है। चयनित छह विद्यालयों की दशा सुधारने के साथ वहां पठन पाठन का भी बेहतर माहौल दिया जाएगा।

संस्कृत विषय कभी हमारी सभ्यता और बोलचाल की भाषा में थी, लेकिन धीरे-धीरे यह पढ़ाई के साथ बोलचाल से दूर हो गई। जिले में संचालित होने वाले विद्यालय बदहाल होते गए। इन्हें सुधारने के लिए कभी कोई सहायता राशि भी किसी ने नहीं दी। इन विद्यालयों की उपेक्षा के चलते संस्कृत विद्यालयों में लगातार विद्यार्थियों की संख्या में कमी होने लगी। इसको देखते हुए शासन ने संस्कृत विद्यालयों को सुधारने की योजना तैयार की है।

बेसिक शिक्षा विभाग में चल रहे मिशन कायाकल्प योजना के तहत माध्यमिक विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए हर विद्यालयों को 25-25 लाख रुपये तक मिलेंगे। इसमें विद्यालय प्रबंध तंत्र को शुरूआत में पांच प्रतिशत की धनराशि खर्च करनी पड़ेगी। इसके लिए उन्हें संस्कृत शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन करना होगा। जिले में संचालित संस्कृत विद्यालयों का डाटा डीआईओएस कार्यालय तैयार कर रहा है। इसमें उत्तर मध्यमा (हाईस्कूल व इंटरमीडिएट) तक शामिल हैं।

यह सुविधाएं की जाएंगी मुकम्मल 

जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के संस्कृत विद्यालयों के पटल प्रभारी आशीष ओझा ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत विद्यालयों मे बेहतर पेयजल, वाटर कूलर की स्थापना, बहुउद्देश्यीय हाल/कक्ष, अच्छे शौचालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान, बैडमिंटन व वालीबाल कोर्ट की स्थापना, चहारदीवारी, साइकिल स्टैंड, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, रेनवाटर आदि संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

इन विद्यालयों को मिलेगा लाभ

योजना के तहत जिन छह विद्यालयों का चयन किया गया है उसमें श्री हनुमत संस्कृत माध्यमिक विद्यालय विजेथुआ सूरापुर, श्री सीताराम संस्कृत माध्यमिक विद्यालय दियरा, भुवनेश्वरी प्रताप संस्कृत माध्यमिक विद्यालय कुड़वार, श्री रामजानकी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय सुंदरपुर मेवपुर, बाबा विश्वनाथ संस्कृत माध्यमिक विद्यालय मरूई कृष्णदासपुर और आदर्श गौरीशंकर संस्कृत माध्यमिक विद्यालय रसवादा शहाबुद्दीनपुर सुलतानपुर शामिल है।

संस्कृत विद्यालयों को अलंकार योजना के तहत कायाकल्प किया जाना है। जिले में छह विद्यालयों का चयन किया गया है। प्रबंधतंत्र के साथ जल्द ही बैठक कर आगे की कार्यवाही की जाएगी। विद्यालयों में संसाधन अच्छे होंगे तो पढ़ाई का माहौल भी बनेगा…,रविशंकर, डीआईओएस सुलतानपुर।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button