देशबड़ी खबर

तीसरी बार काशी की जनता की सेवा करने के लिए तत्पर हूं: PM मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए वाराणसी से एक बार फिर उम्मीदवार बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह तीसरी बार काशी की जनता की सेवा करने के लिए तत्पर हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में यह भी कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सुशासन के आधार पर जनता से वोट मांगने जा रहा है। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि उन्हें देश की जनता का फिर एक बार आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भाजपा नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं और करोड़ों नि:स्वार्थ पार्टी कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं कि उन्होंने मुझ पर निरंतर विश्वास किया। मैं तीसरी बार काशी की अपनी बहनों और भाइयों की सेवा करने के लिए तत्पर हूं।’’

पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में वह लोगों के सपने पूरे करने और गरीब से गरीब व्यक्ति को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ काशी गए थे और पिछले दस वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और एक बेहतर काशी की दिशा में काम किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ये प्रयास और भी अधिक उत्साह के साथ जारी रहेंगे। मैं काशीवासियों का उनके आशीर्वाद के लिए विशेष आभार भी व्यक्त करता हूं।’’

इससे पहले, भाजपा ने शनिवार को 195 सीट पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। उन्होंने टिकट पाने वाले नेताओं को बधाई भी दी और कहा कि आने वाले दिनों में बाकी सीट पर भी नामों की घोषणा की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सुशासन के अपने ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर लोगों के पास जा रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रगति का लाभ गरीब से गरीब व्यक्ति तक पहुंचे। मुझे विश्वास है कि 140 करोड़ भारतीय जनता हमें पुनः आशीर्वाद देगी, अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने में, एक विकसित भारत के निर्माण में और भी ताकत देगी।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 में वाराणसी और वड़ोदरा से चुनाव लड़कर दोनों जगहों से जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने वड़ोदरा सीट छोड़ दी थी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी ने वाराणसी से 4,79,505 मतों से जीत दर्ज की थी। साल 2014 में उन्होंने वाराणसी से 3,71,784 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button