खेल-खिलाड़ीबड़ी खबर

Team India : अब टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी मोटी धनराशि, BCCI सचिव जय शाह ने की बड़ी घोषणा

नई दिल्ली। टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता देने की बात का अनुकरण करते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने उन खिलाड़ियों के लिए मौजूदा मैच फीस 15 लाख रुपये से बढ़ाकर 45 लाख रुपये करने की घोषणा की जो प्रत्येक सत्र में कम से कम सात टेस्ट मैच खेलते हैं। एक टेस्ट खिलाड़ी जो एक सत्र में लगभग 10 टेस्ट मैच में हिस्सा लेता है, उसे 4.50 करोड़ रुपये की मोटी धनराशि मिलेगी। यह राशि ‘रिटेनर फीस’ के इतर होगी जो खिलाड़ी को सालाना केंद्रीय अनुबंध के अंतर्गत मिलती है।

यह प्रोत्साहन पूर्वप्रभावी होगा जिसका असर 2022-23 सत्र के दौरान टेस्ट क्रिकेट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों पर भी होगा। यह फैसला कुछ खिलाड़ियों जैसे इशान किशन, श्रेयस अय्यर और दीपक चाहर के बोर्ड के लाल गेंद के क्रिकेट को प्राथमिकता देने के आदेश की अनदेखी के बाद लिया गया। ये खिलाड़ी रणजी ट्राफी क्रिकेट खेलने के बजाय अपनी इंडियन प्रीमियर लीग टीम के लिए ट्रेनिंग में जुटे थे। इस समय एक भारतीय टेस्ट क्रिकेटर को अंतिम एकादश में चुने जाने के लिए 15 लाख रुपये की राशि मिलती है जबकि रिजर्व खिलाड़ियों को साढ़े सात लाख रूपये मिलते हैं।

शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मुझे सीनियर पुरुष टीम के लिए ‘टेस्ट क्रिकेट प्रोत्साहन योजना’ की शुरूआत करने की घोषणा करके खुशी हो रही है क्योंकि यह कदम हमारे खिलाड़ियों को वित्तीय विकास और स्थिरता मुहैया कराने के उद्देश्य से उठाया गया है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘2022-23 सत्र से ‘टेस्ट क्रिकेट प्रोत्साहन योजना’ टेस्ट मैच के लिए मौजूदा 15 लाख रुपये की मैच फीस के लिए अतिरिक्त पुरस्कार के तौर पर काम करेगी।

प्रत्येक सत्र में कम से कम नौ टेस्ट मैच हो सकते हैं तो अगर एक खिलाड़ी इनमें से चार टेस्ट खेलता है तो उसे प्रत्येक मैच के लिए 15 लाख रुपये की मौजूदा राशि मिलेगी जबकि रिजर्व खिलाड़ियों को इसका आधा मिलेगा। लेकिन अगर वह कम से कम पांच से छह मैच खेलता है तो शुरूआती 11 में शामिल खिलाड़ी की मैच फीस दोगुनी 30 लाख रुपये तक पहुंच जायेगी जिसमें रिजर्व खिलाड़ियों को प्रत्येक मैच 15 लाख रुपये मिलेंगे। जैसे ही एक खिलाड़ी एक सत्र में सात या इससे ज्यादा मैच के लिए शुरूआती एकादश में होता है तो उसे प्रत्येक मैच के लिए 45 लाख रुपये की राशि मिलेगी और रिजर्व खिलाड़ियों को 22.5 लाख रुपये मिलेंगे जो अंतिम एकादश में खेलने वाले क्रिकेटर की मौजूदा मैच फीस (15 लाख रुपये) से ज्यादा राशि होगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button