उत्तर प्रदेशबड़ी खबररामपुर

सीएम योगी ने बिना नाम लिए आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी पर साधा निशाना, बोले- लोगों की जमीन कब्जा कर बनाई यूनिवर्सिटी

रामपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए आजम खां के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों की जमीन हड़प कर यूनीवर्सिटी बना दी गई। जबकि, हमने लोगों को जमीन की कीमत का चार गुना अधिक पैसा देकर जमीन खरीदी है। कहा कि मंडल के लिए राजकीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी किया है। मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। जनसभा के दौरान उन्होंने अबकी बार चार सौ के पार का नारा भी लगवाया।

राजकीय फिजिकल कालेज स्टेडियम ग्राउंड पर बने मंच पर शनिवार की दोपहर 1:37 बजे मुख्यमंत्री पहुंचे और जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने रामपुरी चाकू को धार दिए जाने का जिक्र करते हुए  रामपुर में 684 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कहा कि रामपुर की पहचान रामपुरी चाकू से थी और कुछ लोग चाकू का इस्तेमाल जेब कतरने में करते थे और हमने उसी चाकू का इस्तेमाल सबको सुरक्षा प्रदान करने में कर दिया।

सीएम योगी ने कहा कि इसी रामपुर में जबरन गरीबों की जमीन पर कब्जा किया जाता था, आज उनका पुनर्द्धार और पुनर्वास किया जा रहा है। बोले-हमारा रामपुर फिर से नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। वायलिन से संगीत की लहरियां रामपुर घराने की पहचान को फिर से पुनर्जीवित करने का काम कर रही हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों में एक नया विश्वास भरा है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है कहा कि यह केवल नरेंद्र मोदी का सम्मान नहीं बढ़ा है। बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद , उग्रवाद, आतंकवाद समाप्त हो गया है। इंफ्राटक्चर के कार्यों में  हाईवे, रेलवे, वॉटर वे और एयरपोर्ट बने हैं। कहा मूंढपांडे एयरपोर्ट का लाभ मुरादाबाद वालों से ज्यादा रामपुर वालों को लाभ मिलेगा क्योंकि यह एयरपोर्ट रामपुर से बहुत करीब है। जोड़ा कि बाईपास दूरी और कम कर देगा उसका शिलान्यास हो गया है। कहा कि प्रदेश उद्योग, आईआईटी, आईएम, हाईवे सिक्स लेन, मेट्रो के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है, वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर है।

उत्तर प्रदेश में 56 लाख लोगों को आवास मिल गया। देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री ने आजादी के अमृत महोत्सव में कहा कि विकसित भारत होना चाहिए। इससे हर हाथ को काम मिलेगा और भारत बड़ी ताकत के रूप में उभरेगा।  कहा कि दो सौ वर्ष तक देश पर हुकूमत करने वाले ब्रिटेन से आगे निकल गया है अब भारत पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। चारों ओर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

अपने 21 मिनट 49 सेकेंड के भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं कोई गुंडागर्दी नहीं है। किसानों को 2600 करोड़ रुपये बिजली के लिए किसान को दिए हैं। वायदा किया विकास देंगे, विरासत का सम्मान करेंगे, सुरक्षा और समृद्धि भी देंगे उन्होंने डबल इंजन की सरकार को बनाए रखने के लिए जनता का आशीर्वाद मांगा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद घनश्याम सिंह लोधी, शहर विधायक आकाश सक्सेना, शाहबाद विधायक राजबाला, स्वार विधायक शफीक अहमद अंसारी, ख्याली राम लोधी, एमएलसी हरि सिंह ढिल्लो, जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू आदि मौजूद रहे। सांसद और जिलाध्यक्ष की मांग पर मुख्यमंत्री ने नये बने सर्किट हाउस का नाम संत शिरोमणि रविदास जी के नाम पर रख दिया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button