देश

MP Board 10th 12th Result 2024: छात्रों का इंतजार खत्म, एमपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं क्लास के नतीजे किए घोषित

भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आज दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए गए। जहां दसवीं में इस वर्ष 58.10 प्रतिशत नियमित और 13.26 प्रतिशत स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, वहीं बारहवीं में इस वर्ष 64.49 नियमित तथा 22.46 प्रतिशत स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश द्वारा संचालित हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 05 फरवरी से 28 फरवरी 2024 के मध्य सम्पन्न कराई गयी। हाईस्कूल परीक्षा में इस वर्ष 58.10% नियमित परीक्षार्थी तथा 13.26 प्रतिशत स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे हैं। 54.36 प्रतिशत नियमित छात्र एवं 61.88 प्रतिशत नियमित छात्राए परीक्षा में सफल हुई है।

इसी तरह बारहवीं की परीक्षा 06 फरवरी से 05 मार्च 2024 के मध्य सम्पन्न कराई गई। हायर सेकेण्डरी परीक्षा में इस वर्ष 64.49 प्रतिशत नियमित परीक्षार्थी तथा 22.46 प्रतिशत स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे हैं। 60.55 प्रतिशत नियमित छात्र तथा 68.43 प्रतिशत नियमित छात्रायें परीक्षा में सफल हुई है। जिनकी संकायवार, अस्थाई प्रावीण्य सूची जारी की गई।

प्रावीण्य सूची में कला (मानविकी संकाय) 24 परीक्षार्थी, विज्ञान (गणित) संकाय 45 परीक्षार्थी, विज्ञान (जीवविज्ञान) संकाय 29 परीक्षार्थी, वाणिज्य संकाय 23 परीक्षार्थी, कृषि संकाय 8 परीक्षार्थी, ललितकला गृह विज्ञान 3 परीक्षार्थी द्वारा प्रदेश स्तर की अस्थाई प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है। हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा को सम्पन्न कराने के लिये इस वर्ष नियमित एवं स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिये प्रदेश में कुल 3868 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षायें आयोजित की गई थी।

हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में इस वर्ष नियमित परीक्षार्थियों के रूप में 821086 परीक्षार्थी तथा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के रूप में 160413 परीक्षार्थी शामिल हुये। परीक्षा में 65 नकल प्रकरण बने, जो विगत वर्षों में न्यूनतम है। आज 821086 नियमित परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये गये। इनमें 300067 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में 169863 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में एवं 2145 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

इस प्रकार कुल 477075 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हुये हैं जिनका परीक्षाफल 58.10 प्रतिशत रहा है। 100391 परीक्षार्थियों ने पूरक की पात्रता प्राप्त की है। इस वर्ष नियमित परीक्षार्थियों में छात्राओं ने छात्रों से बाजी मारी है। उत्तीर्ण छात्रों का परीक्षाफल 54.35 प्रतिशत तथा उत्तीर्ण छात्राओं का परीक्षाफल 61.88 प्रतिशत रहा है। इस वर्ष भी पूर्व वर्ष अनुसार हाईस्कूल परीक्षा में दो विषयों में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों को पूरक की पात्रता प्रदान की गई है।

मण्डल की वर्ष 2024 हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में सम्मिलित मानसिक विकलांग, नेत्रहीन एवं मूक बधिर छात्रों के परीक्षाफल भी मण्डल द्वारा घोषित किए गये। इस श्रेणी में छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 41.89 प्रतिशत तथा छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 37.86 प्रतिशत रहा है। इस प्रकार इस श्रेणी के 40.29 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। हाईस्कूल सर्टिफिकेट वर्ष 2024 की पूरक परीक्षा 10 जून से आयोजित की जायेगी।

इसी प्रकार हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा को सम्पन्न कराने के लिये इस वर्ष नियमित एवं स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के लिये प्रदेश में कुल 3638 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षायें आयोजित की गई थी। हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में इस वर्ष नियमित परीक्षार्थियों के रूप में 624140 परीक्षार्थी तथा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के रूप में 111416 परीक्षार्थी शामिल हुये। परीक्षा में 134 नकल प्रकरण बने, जो विगत वर्षों में न्यूनतम है।

आज 623341 नियमित परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये गये। इनमें 292799 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में, 108268 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में, 422 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल 402489 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हुये हैं जिनका परीक्षाफल 64.49 प्रतिशत रहा है। 88369 नियमित परीक्षार्थियों ने पूरक की पात्रता प्राप्त की है।

मण्डल की वर्ष 2024 हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट में सम्मिलित नेत्रहीन एवं मूक बधिर छात्रों के परीक्षाफल भी मण्डल द्वारा घोषित किए गये। इस श्रेणी में छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 51.01 प्रतिशत तथा छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 53.54 प्रतिशत रहा है। इस प्रकार इस श्रेणी के 51.95 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गये है। हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट वर्ष 2024 की पूरक परीक्षा 08 जून 2024 को आयोजित की जायेगी।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button