देश

परिसीमन पर INDIA गठबंधन की 3 मांगें, 25 साल तक सीटों में बदलाव नहीं

परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच सियासी खींचतान तेज हो गई है। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में आगामी 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र और प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद कांग्रेस ने गठबंधन की तीन प्रमुख मांगें सार्वजनिक कीं।

INDIA गठबंधन की पहली मांग है कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाए। दूसरी मांग के तहत महिला आरक्षण को लोकसभा की वर्तमान सीटों के आधार पर लागू करने की बात कही गई है। तीसरी मांग है कि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए। विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने और परिसीमन को अनिवार्य रूप से जोड़ने की जरूरत नहीं है।

वहीं, केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधायी पैकेज में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने और राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। सरकार की योजना महिला आरक्षण को लागू करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की है। इस प्रस्ताव पर विपक्षी दलों के बीच भी अलग-अलग रुख सामने आ रहे हैं। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है, ऐसे में परिसीमन और महिला आरक्षण का मुद्दा सदन में प्रमुख चर्चा का विषय बन सकता है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button