उत्तर प्रदेशलखनऊ

भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष पर दबंगों ने किया जानलेवा हमला, तमंचा दिखाकर धमकाया, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

लखनऊ : सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष पर दबंगों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया. इसके बाद तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए. गंभीर रूप से जिला उपाध्यक्ष को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है.

सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के अवध शिल्प ग्राम चौराहे के पास रहने वाले भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक तिवारी के अनुसार शुक्रवार को वह अपने साथी पंकज तिवारी के साथ कुछ सामान लेने के लिए पास में ही स्थित धोधन खेड़ा गांव जा रहे थे. वह गांव के मोड़ पर खड़े थे, तभी आरोपी ध्रुव शर्मा व अभिषेक भट्ट ने पीछे से आकर लोहे के रॉड आदि से उन पर हमला कर दिया. इससे उनका सिर फट गया.

वह घायल होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े. आरोपियों में से एक ने उनके ऊपर असलहा तान दिया. जान से मारने की धमकी दी गई. मौके पर लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी यह कहते हुए भाग निकले कि पहले गाड़ी जलाई थी अब जान से मार देंगे. गम्भीर रूप से घायल भाजपा नेता को लोग इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले गए.

इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है. हालांकि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पहले से रंजिश चल रही है. पूर्व में पीड़ित की सफारी गाड़ी जला दी गई थी. इसका मुकदमा पंजीकृत है. वहीं भाजपा नेता के विरुद्ध भी पूर्व में पीजीआई थाने में मुकदमा पंजीकृत है.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button