देशबड़ी खबर

कंगना रनौत में मीरा की भक्ति, महारानी पद्मिनी का तेज और लक्ष्मी बाई का शौर्य: CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिमाचल प्रदेश के डालपुर में मंडी लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी कंगना रनौत के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटी कंगना रनौत में मीराबाई की भक्ति, महारानी पद्मिनी का तेज और विरोधियों से जूझने के लिए महारानी लक्ष्मी बाई की तरह शौर्य और वीरांगना का भाव है। कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की सरकार को इन्होंने मुंबई में सड़कों पर लाकर पानी पिलाने को मजबूर कर दिया था। कंगना रनौत के पास प्रतिभा है, कला है और कार्य करने की क्षमता है। विकास कार्य करने का जज्बा और सामर्थ्य है। पहाड़ से निकलकर अपने दम पर, अपने संघर्षों से फिल्म जगत में इन्होंने अपना मुकाम बनाया। इन्होंने जयललिता का शानदार रोल निभाया था। अब कुल्लू वासियों की जिम्मेदारी बनती है कि इन्हें अपना सांसद बनाकर संसद में भेजें।

‘पूरा देश कह रहा है जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे’

सीएम योगी ने बिजली महादेव और हिंडम्बा माता की धरा को नमन करते हुए कहा कि यहां का मौसम बहुत सुहावना है। मैदान में हम लोग झुलस रहे हैं। दिल्ली का तापमान 52 डिग्री और गोरखपुर में 48 डिग्री तापमान था। जब यहां आया तो बहुत राहत महसूस हुई, अहसास हुआ कि हिमाचल को देवभूमि क्यों कहा जाता है। मेरा जन्म भी पहाड़ों में ही हुआ है। ये प्रकृति और परमात्मा का संयोग है कि मुझे यूपी में सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। जब मुझे हिमाचल में प्रचार के लिए कहा गया तो मैंने कहा था कि कंगना जी के लिए जरूर जाउंगा।

उन्होंने कहा कि आज पूरे हिंदुस्तान में एक ही नारा गूंज रहा है, वह है ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ और ‘अबकी बार 400 पार’। पूरा देश कह रहा है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। पूरा चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच आकर सिमट गया है। रामद्रोही वही हैं, जो आतंकवाद और नक्सलवाद का समर्थन करते हैं, जो भारत की अस्मिता और अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न खड़ा करते हैं, जिन्होंने विकास को बाधित किया और गरीबों के हक पर डकैती डाली।

‘अयोध्या, काशी के बाद मथुरा जाने की कर रहे तैयारी’

सीएम योगी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में भाजपा ने पहली बार संकल्प लिया था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। अब 500 साल का इंतजार समाप्त हुआ है। पहली बार अयोध्या में रामलला ने अपने भव्य मंदिर में होली भी खेली और जन्मोत्सव भी मनाया। काशी में भी भव्य काशी विश्वनाथ धाम बन चुका है और अब हम मथुरा जाने की तैयारी कर रहे हैं। भारत की अस्मिता के लिए जो भी आवश्यक होगा, उसके लिए कोई भी कदम उठाने में नहीं हिचकेंगे।

‘अब तेज आवाज में पटाखा भी फट जाए तो सफाई देने लगता है पाकिस्तान”

उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। पहले लगातार आतंकी घटनाएं घटित होती थी। कांग्रेस ये कहकर घुटने टेक देती थी कि आतंकवाद तो सीमापार से है। अब तो तेज आवाज में पटाखा भी फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। नये भारत में बड़े-बड़े विकास के कार्य हम देख रहे हैं। आज हिमाचल प्रदेश में भी अपना एम्स है। एक तरफ भारत 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दे रहा है, तो वहीं पाकिस्तान की कुल 23 करोड़ की आबादी भूखों मर रही है। (इनपुट- IANS)

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button