देशराज्यहरियाणा

राज्य मंत्री सुभाष सुधा की अधिकारियों को खुली चेतावनी, जनता की समस्याओं को करें दूर, वरना…

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से जनसमस्याओं को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाने और चेतावनी देने के बाद अब उनके मंत्री भी उसी रास्ते पर चलने लगे हैं।

मुख्यमंत्री के बाद अब राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने भी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जनता की समस्याओं को दूर कर जल्द से जल्द उनका समाधान करने के निर्देश दिए हैं।

ऐसा नहीं करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को मंत्री की ओर से खुली चेतावनी भी दी गई है। सुभाष सुधा ने कहा कि वह खुद पूरे हरियाणा का दौरा कर रहे हैं।

ऐसे में यदि उन्हें कहीं पर कोई लापरवाही या कमी मिलती है तो वह तुरंत उस पर एक्शन लेते हैं। इसके तहत गुरुग्राम में एक अधिकारी और अंबाला में एक एक्सईएन और एक जेई को वह सस्पेंड भी कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि वह खुद पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं और यदि इस दौरान कहीं पर उन्हें कोई कमी मिली या फिर किसी अधिकारी और कर्मचारी की लापरवाही मिली तो उसके खिलाफ तुरंत एक्शन होगा।

दफ्तर छोड़ फिल्ड में आएं अधिकारी

मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि मानसून की शुरूआत हो चुकी है। ऐसे में कहीं पर भी जलभराव की स्थिति ना हो, इसके लिए अधिकारियों को कार्यालय से बाहर निकलना होगा।

इसलिए उन्होंने भी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वह दफ्तर में बैठने की बजाए फिल्ड में निकलकर काम करें, जिससे आने वाले दिनों में जनता को किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े।

जनता की मांग हो रही पूरी

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से लगातार एक के बाद एक घोषणा किए जाने पर सुभाष सुधा ने कहा कि हरियाणा की जनता की कुछ मांगे थी, जिसे सबने मिलकर मुख्यमंत्री के सामने रखा था।

मुख्यमंत्री की ओर से की जा रही घोषणाएं उन्हीं मांगों को पूरा करने की कोशिश है। सुधा ने बताया कि जनता की तकलीफ को देखते हुए हाल ही में एक दिन में 80 हजार पेंशन लगाई गई।

इसके अलावा शहरी विकास योजना के तहत हुडा विभाग से जमीन लेकर गरीब लोगों को 30 गज का प्लाट एक लाख रुपए में किश्तों पर देने का काम किया जा रहा है।

साथ ही शहरों में भी गरीब लोगों के प्लाट खरीदने के लिए एक लाख रुपए कैश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से सरपंचों को अब 21 लाख रुपए तक के काम करवाने की पावर दी गई है।

उनके अनुसार मुख्यमंत्री की इच्छा है कि पंचायतों को शक्तिशाली बनाकर उन्हें अधिक से अधिक फंड भेजना है, जिसकी व्यवस्था की जा रही है।

लोगों में भ्रम फैला रही कांग्रेस

मुख्यमंत्री की ओर से की जा रही घोषणाओं को विपक्ष की ओर से चुनावी स्टंट कहे जाने पर सुभाष सुधा ने कहा कि ये सब सिस्टम को ठीक करने की योजना है, जिसके चलते वह लगातार सुधारीकरण कर रहे हैं।

कांग्रेस विकास कार्यों और मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लेकर जनता में भ्रम फैला रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस में केवल बापू-बेटा ही रह जाएंगे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button