उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के स्वागत के प्रयागराज तैयार, सीएम योगी ने किया निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम से 6 दिन पूर्व शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के कर कमलों से उद्घाटन होने वाली और दिव्य, भव्य एवं डिजिटल महाकुम्भ -2025 के दृष्टिगत चल रही सौंदर्यीकरण एवं अन्य परियोजनाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं पर संतोष व्यक्त किया और बची हुई परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से हर हाल में 10 दिसंबर तक पूरा करने का अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया।

सीएम योगी ने किया दौरा

मुख्यमंत्री योगी सर्किट हाउस से सीधे अरैल बंधा रोड पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर महाकुम्भ में आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के स्वागत के लिए ‘स्मार्ट प्रयागराज तैयार है। मुख्यमंत्री योगी ने 13 दिसंबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री के दौरे के दृष्टिगत महाकुम्भनगर एवं प्रयागराज को उसके प्राचीन गौरव के अनुरूप सजाने का निर्देश दिया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया निरीक्षण

वहां से मुख्यमंत्री योगी ने त्रिवेणी पुष्प का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने त्रिवेणी पुष्प में बने योग एवं सांस्कृतिक केंद्र को देखा। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी को त्रिवेणी पुष्प के कायाकल्प के कार्यों की गुणवत्ता के विषय में जानकारी दी, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ 2025 प्रयाग ही नहीं समूचे उत्तर प्रदेश के लिए भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परम्परा को वैश्विक पटल पर प्रस्तुत करने का एक अवसर है।

फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे सीएम योगी

इसके बाद मुख्यमंत्री नैनी स्थित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे, जहां उन्होंने प्लांट की चल रही टैपिंग के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कोई भी ड्रेनेज और सीवर गंगा और यमुना जी में न गिरने पाए इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सभी नालों को टैपिंग समय पर कर लें। महाकुम्भ में आने वाले तीर्थयात्री अविरल एवं निर्मल गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में स्नान करने के साथ आचमन कर पाएं, इसके लिए उत्तर प्रदेश की डबल इंजन की सरकार प्रतिबद्ध है।

सीएम योगी के साथ ये लोग रहे मौजूद

ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने बाद मुख्यमंत्री योगी ने शिवालय पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। 40 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने इस पार्क में भारत के सभी प्राचीन शिव मंदिरों को दर्शाया गया है। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इस पार्क में सनातन संस्कृति की आध्यात्मिक परम्परा को दर्शाया गया है, महाकुम्भ में दुनिया के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह पार्क आकर्षण का केंद्र बनेगा। इसके दृष्टिगत इसकी स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रयागराज के महापौर समेत मेलाधिकारी विजय किरण आनंद और पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button