देशबड़ी खबर

होमस्टे पर ही सोनम ने सूटकेस में क्यों छोड़ा मंगलसूत्र और अंगूठी… बोले डीजीपी- जांच में यही साबित हुआ टर्निंग प्वांइट

शिलांग। मेघालय के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आई नोंगरांग ने बुधवार को बताया कि राजा रघुवंशी और उसकी पत्नी सोनम के लापता होने से पहले दंपति ने अपना सूटकेस सोहरा के एक ‘होमस्टे’ में छोड़ दिया था और सूटकेस में मिले मंगलसूत्र एवं अंगूठी से जांचकर्ताओं को हनीमून हत्याकांड को सुलझाने में मदद मिली।

सोनम (25) और राजा (29) की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के लिए असम के गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे थे। दोनों 23 मई को ईस्ट खासी हिल्स जिले के सोहरा स्थित नोंग्रियात गांव में एक ‘होमस्टे’ से निकलने के कुछ घंटों बाद लापता हो गए थे। राजा का शव दो जून को मेघालय में वेइसाडोंग जलप्रपात के पास एक घाटी में मिला था। वहीं, सोनम की तलाश जारी रही।

सोनम ने नौ जून की सुबह लगभग 1,200 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया, क्योंकि पुलिस ने उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और राजा की हत्या के लिए कथित तौर पर भाड़े पर लिए गए तीन हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया था।

डीजीपी नोंगरांग ने एक न्यूज एजेंसी को से कहा, ‘‘हमने सोनम का मंगलसूत्र और अंगूठी उस सूटकेस से बरामद किया, जिसे दंपती ने सोहरा के एक ‘होमस्टे’ में छोड़ दिया था। विवाहित महिला द्वारा इन आभूषणों को छोड़ने के कारण हमें इस मामले में उस पर संदिग्ध के रूप में नजर रखने के लिए एक सुराग मिला।’’

मंगलसूत्र विवाहित हिंदू महिलाओं द्वारा गले में पहना जाने वाला एक आभूषण होता है, जिसे उनके पति के साथ उनके बंधन का प्रतीक माना जाता है। जांच का हिस्सा रहे एक अन्य पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि राजा और सोनम 22 मई को सोहरा के जिस ‘होमस्टे’ में गए थे, वहां उन्होंने पहले से बुकिंग नहीं कराई थी, जिसके चलते उन्हें वहां कोई कमरा नहीं मिला।

अधिकारी ने बताया कि दंपती को ‘डबल डेकर रूट ब्रिज’ देखने के लिए नोंग्रियात गांव तक 3,000 से ज्यादा सीढ़ियां चढ़कर जाने में दिक्कत होती, इसलिए उन्होंने अपना सूटकेस ‘होमस्टे’ में ही रखने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि दंपती का सूटकेस सोहरा के ‘होमस्टे’ में ही था, लेकिन उन्होंने नोंग्रियात के एक ‘होमस्टे’ में रात बिताई और 23 मई को वहां से निकले।

अधिकारी ने बताया कि वे वापस सोहरा आए, पार्किंग से अपना स्कूटर लिया और वेइसाडोंग जलप्रपात गए, जहां राजा की तीन हमलावरों ने उसकी पत्नी के सामने कथित रूप से हत्या कर दी।एक न्यूज एजेंसी  ने शनिवार को खबर दी थी कि एक पर्यटक गाइड ने दंपति को उस समय तीन हिंदी भाषी लोगों के साथ देखा था, जब वे नोंग्रियात से सोहरा वापस आ रहे थे।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पर्याप्त सबूतों के कारण इनकार करने की कोई गुंजाइश नहीं है।’’ शिलांग की एक अदालत ने सोनम, उसके कथित प्रेमी राज और तीन हत्यारों को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button