सुबह गले में सूखापन क्यों होता है? जानें कारण और कब समझें बीमारी का संकेत

सुबह उठते ही कई लोगों को गले में सूखापन महसूस होता है। यह सामान्य समस्या है, लेकिन अगर यह रोज-रोज होने लगे तो यह शरीर में किसी कमी या स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार गले का लगातार सूखना केवल पानी की कमी का परिणाम नहीं होता, बल्कि जीवनशैली, नींद की आदतों और कुछ चिकित्सीय कारणों से भी जुड़ा हो सकता है।
सबसे आम कारण है डिहाइड्रेशन। रातभर शरीर पानी नहीं लेता, और यदि सोने से पहले कम पानी पिया हो तो सुबह गला सूखा महसूस होना स्वाभाविक है। दूसरा बड़ा कारण है मुंह खोलकर सोना। नाक बंद होने, एलर्जी या सर्दी के कारण लोग मुंह से सांस लेते हैं, जिससे हवा सीधे गले की नमी को सोख लेती है। इसी वजह से सुबह उठकर गला खिंचा-कसा या सूखा महसूस होता है। कई लोगों में यह समस्या सूखे मौसम या कमरे में एसी चलाकर सोने पर भी बढ़ जाती है, क्योंकि सूखी हवा गले की परत को निर्जलित कर देती है।
कभी-कभी गले का सूखापन किसी एलर्जी का लक्षण भी हो सकता है। डस्ट, फूलों का पराग या किसी खाद्य पदार्थ से एलर्जी होने पर नाक बंद होती है, जिससे मुंह से सांस लेना मजबूरी बन जाता है और गला सूख जाता है। इसके अलावा एसिड रिफ्लक्स (Acidity) भी गले की सूखावट का कारण बन सकता है, क्योंकि रात में पेट का एसिड ऊपर आकर गले को जलन और सूखापन देता है।
यदि गला लगातार सूख रहा है तो यह कुछ गंभीर संकेतों की ओर भी इशारा कर सकता है। जैसे— थायरॉइड की समस्या, शुगर लेवल का असंतुलन, या स्लीप एप्निया, जिसमें व्यक्ति नींद के दौरान ठीक से सांस नहीं ले पाता। इस स्थिति में गले का सूखा रहना काफी आम लक्षण है। इसके अलावा धूम्रपान और शराब का सेवन भी गले की नमी को खत्म करके सूखापन पैदा करता है।
यदि यह समस्या कभी-कभार हो रही है तो पानी ज्यादा पीना, सोने से पहले गुनगुना पानी लेना, कमरे में ह्यूमिडिफायर चलाना और नाक साफ रखना काफी राहत देता है। लेकिन यदि गला रोज सुबह सूखा हुआ महसूस हो, खिंचाव आए, खराश बनी रहे या आवाज बैठने लगे, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। सही समय पर वजह का पता चलना लंबे समय तक गले को स्वस्थ रखने में मदद करता है।



