टॉक्सिक पेरेंटिंग का असर: बचपन के जख्म कैसे बदल देते हैं इंसान का व्यक्तित्व

बचपन इंसान के जीवन की वह नींव होता है, जिस पर उसका पूरा व्यक्तित्व खड़ा होता है। माता-पिता का व्यवहार, उनकी बातें और बच्चों के प्रति उनका नजरिया, बच्चे के मानसिक और भावनात्मक विकास में अहम भूमिका निभाता है। लेकिन जब यही पालन-पोषण टॉक्सिक हो जाता है, तो उसका असर सिर्फ बचपन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि बड़े होने के बाद भी इंसान का पीछा नहीं छोड़ता। टॉक्सिक पेरेंटिंग में जरूरत से ज्यादा डांटना, तुलना करना, भावनात्मक उपेक्षा, डर दिखाकर बात मनवाना या हर समय परफेक्ट बनने का दबाव डालना शामिल होता है। ऐसे माहौल में पला-बढ़ा बच्चा धीरे-धीरे आत्मविश्वास खोने लगता है और उसके मन में एक अनजाना डर घर कर जाता है।
बड़े होने पर यही डर अलग-अलग रूपों में सामने आता है। कई लोग निर्णय लेने से घबराते हैं, क्योंकि बचपन में हर गलती पर उन्हें शर्मिंदा किया गया होता है। कुछ लोगों में लगातार असुरक्षा की भावना बनी रहती है, उन्हें लगता है कि वे कभी भी दूसरों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाएंगे। टॉक्सिक पेरेंटिंग का एक बड़ा असर यह भी होता है कि व्यक्ति अपने जज़्बातों को खुलकर व्यक्त नहीं कर पाता। उसे डर रहता है कि अगर उसने अपनी बात कही तो उसे जज किया जाएगा या नकार दिया जाएगा।
ऐसे लोग रिश्तों में भी परेशानियों का सामना करते हैं। कभी जरूरत से ज्यादा चुप रहना, तो कभी छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आ जाना, यह सब उसी दबे हुए बचपन का परिणाम होता है। कई बार इंसान खुद को हर हाल में दूसरों को खुश रखने की कोशिश करता है, क्योंकि बचपन में उसे प्यार शर्तों के साथ मिला होता है। वहीं कुछ लोग इसके उलट बेहद कठोर और भावनात्मक रूप से दूर हो जाते हैं, ताकि दोबारा चोट न लगे।
हालांकि अच्छी बात यह है कि इस चक्र को तोड़ा जा सकता है। जब इंसान अपने बचपन के अनुभवों को समझता है और यह स्वीकार करता है कि उसकी कुछ आदतों की जड़ टॉक्सिक पेरेंटिंग में है, तभी बदलाव की शुरुआत होती है। आत्म-स्वीकृति, सही काउंसलिंग और खुद के साथ धैर्य रखने से बचपन के डर को धीरे-धीरे कम किया जा सकता है और एक संतुलित, आत्मविश्वासी व्यक्तित्व की ओर बढ़ा जा सकता है।



