तकनीकी शिक्षा के साथ व्यवहारिक हुनर भी सीखेंगे युवा

उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार के लिए अधिक सक्षम और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है। सरकार अब तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ व्यवहारिक (प्रैक्टिकल) कौशल के विकास पर भी विशेष जोर देगी, ताकि छात्र केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि कार्यस्थल पर आवश्यक कौशल भी हासिल कर सकें।
नई पहल के तहत तकनीकी संस्थानों में प्रशिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने, उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और छात्रों को वास्तविक कार्य अनुभव उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा। इससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
सरकार का मानना है कि बदलते औद्योगिक परिदृश्य में केवल तकनीकी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। संचार कौशल, समस्या समाधान, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और कार्यस्थल के व्यवहार जैसे व्यावहारिक गुण भी सफलता के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसी सोच के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इस पहल से तकनीकी संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षा और कौशल विकास के इस समन्वित मॉडल से उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक अवसर मिलेंगे, साथ ही राज्य में कुशल मानव संसाधन तैयार करने में भी मदद मिलेगी।



