
गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट मंगलवार सुबह अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। फ्लाइट 6E 2102 ने मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही समय बाद विमान में इंजन से जुड़ी समस्या सामने आ गई।
विमान में कुल 229 यात्री सवार थे। इंजन में खराबी की जानकारी मिलने के बाद पायलटों ने स्थिति को संभालते हुए विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया। इस दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने कुछ समय के लिए फुल इमरजेंसी घोषित की।
विमान ने सुरक्षित तरीके से मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। रिपोर्ट के मुताबिक उड़ान सुबह करीब 9:16 बजे रवाना हुई थी और लगभग 30 मिनट बाद विमान को सुरक्षित वापस उतार लिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
यात्रियों के अनुसार उड़ान के दौरान विमान में झटके महसूस हुए, जिससे कुछ समय के लिए यात्रियों में डर का माहौल बन गया। हालांकि पायलटों ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और विमान को सुरक्षित वापस एयरपोर्ट पहुंचाया।
इंडिगो ने बताया कि उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी समस्या का पता चला था। मानक संचालन प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई और पायलटों ने विमान को वापस गोवा लाकर सुरक्षित लैंड कराया।
घटना के बाद विमान को तकनीकी जांच और मेंटेनेंस के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक जांच और मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा परिचालन में लाया जाएगा। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एयरलाइन ने वैकल्पिक व्यवस्था भी की है।
इस घटना ने एक बार फिर उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी और विमान सुरक्षा को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। हालांकि इस मामले में समय रहते पायलटों की कार्रवाई और सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।



