लखनऊ में Mrs. उत्तर प्रदेश सीजन-4 का ग्रैंड फिनाले, मदालसा श्रीवास्तव और हर्षिता रूनवाल बनीं विजेता

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में फैशन, ग्लैमर और महिलाओं की प्रतिभा का शानदार मंच सजा। यहां आयोजित ‘मिसेज उत्तर प्रदेश- क्वीन ऑफ उत्तर प्रदेश सीजन-4’ के ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मंचीय प्रदर्शन से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता की सिल्वर कैटेगरी में मदालसा श्रीवास्तव और गोल्ड कैटेगरी में हर्षिता रूनवाल ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
सिल्वर और गोल्ड कैटेगरी में चुनी गईं विजेता
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को दो श्रेणियों में बांटा गया था। सिल्वर कैटेगरी में मदालसा श्रीवास्तव विजेता बनीं, जबकि पायल व्यास ने फर्स्ट रनर-अप और दीपाली भटनागर ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया।
वहीं, गोल्ड कैटेगरी में हर्षिता रूनवाल को विजेता घोषित किया गया। डॉ. पल्लवी शर्मा फर्स्ट रनर-अप और एकता सिंह सेकंड रनर-अप रहीं।
15 नवंबर को हुआ ग्रैंड फिनाले
मिसेज उत्तर प्रदेश सीजन-4 का ग्रैंड फिनाले 15 नवंबर 2026 को लखनऊ के होटल रमाडा में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन मधुकमल मोशन पिक्चर्स की ओर से किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और प्रतिभाशाली महिलाओं ने भाग लिया।
जूरी में शामिल रहीं अंतरराष्ट्रीय हस्तियां
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मिस वर्ल्ड बुल्गारिया 2025 की थियोडोरा मिलेनोवा, रमाडा होटल के मालिक अजय जायसवाल, मीडिया रणनीतिकार दीपक शाही और मिसेज उत्तर प्रदेश सीजन-3 की विजेता अंतरा हॉवर्ड शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और मंच पर प्रदर्शन के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।
महिलाओं की प्रतिभा और आत्मविश्वास को मिला मंच
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल सौंदर्य और फैशन तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य महिलाओं की व्यक्तिगत पहचान, प्रतिभा, आत्मविश्वास, उपलब्धियों और रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना है। इस तरह की प्रतियोगिताएं महिलाओं को अपनी रुचियों और क्षमताओं को सामने लाने का अवसर देती हैं।
मधुकमल मोशन पिक्चर्स ने किया आयोजन
इस आयोजन की परिकल्पना और संचालन मधुकमल मोशन पिक्चर्स के संस्थापक मेहर अभिषेक और सह-संस्थापक रश्मि डाके ने किया। कार्यक्रम को बावर्ची, लैक्मे एकेडमी इंदिरा नगर, सैफ्रन सिल्क और यशवंत फाउंडेशन सहित विभिन्न सहयोगी संस्थानों का समर्थन मिला।



