देश

ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत, बर्फबारी-कोहरे के बीच कई राज्‍यों के लिए बारिश का अलर्ट, जानिए अपने राज्‍य का हाल

कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है. वहीं पर्यटन स्थल गुलमर्ग और पहलगाम में बर्फबारी हुई है. अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी दी कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया, जो पिछली रात की तुलना में आधा डिग्री कम है. उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वहीं दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया.

अधिकारियों ने कहा कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

जम्मू कश्मीर में छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग ने बताया है कि जम्मू कश्मीर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 22-23 जनवरी के दौरान हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है. महीने के अंत तक मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. ज्यादा बारिश या बर्फबारी का कोई पूर्वानुमान नहीं है. कश्मीर में फिलहाल 40 दिन का ‘चिल्लई-कलां’ चल रहा है जो पिछले महीने 21 दिसंबर को शुरू हुआ था. ‘चिल्लई-कलां’ के दौरान क्षेत्र में अत्याधिक ठंड पड़ती है और पारा काफी लुढ़कता है और डल झील समेत कई जलाशय जम जाते हैं.

घाटी के विभिन्न इलाकों में पानी की पाइपलाइन में भी पानी जम जाता है. इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है और अधिकतर क्षेत्रों में, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी होती है. ‘चिल्लई-कलां’ 31 जनवरी को खत्म होगा. जिसके बाद कश्मीर में 20 दिन का ‘चिल्लई-खुर्द’ शुरू होगा. इस दौरान ठंड थोड़ी कम होती है और फिर 10 दिन का ‘चिल्लई-बच्चा’ चलेगा तब सर्दी की तीव्रता और कम हो जाती है.

कई राज्यों में घना कोहरा

वहीं पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और उससे सटे उत्तराखंड पर बना हुआ है. एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में बना हुआ है. चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बांग्लादेश के ऊपर बना हुआ है. पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश और हिमपात हुआ. जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों और असम और सिक्किम के अलग–अलग हिस्सों में हल्की बारिश हुई है.

आपको बता दें कि दक्षिण पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा. उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि हुई. उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति रही. अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. उप–हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और मणिपुर, मिजोरम, उत्तरी पंजाब के नागालैंड भाग और उत्तरी हरियाणा में हल्की बारिश संभव है. साथ ही देश के अन्य राज्यों में भी ठंड बढ़ने की उम्मीद है.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button