देश

कांग्रेस नेता शश‍ि थरूर ने पीएम मोदी को द‍िया BJP को 4 राज्‍यों में मिली जीत का क्रेडिट, बताया डायनामिक व्‍यक्‍त‍ि

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है और कहा है क‍ि वह एक डायनामि‍क व्यक्ति हैं. उन्होंने बहुत कुछ ऐसा किया है जो राजनीतिक नजरिए से काफी कम देखने को मिलता है. उन्‍होंने बीजेपी द्वारा व‍िधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश सह‍ित चार राज्‍यों में मिली जीत का क्रेडिट भी पीएम मोदी को द‍िया. हालांकि, उन्‍होंने पीएम मोदी का नेगेट‍िव पहलू भी बताया, जहां उन्‍होंने कहा कि उनकी कार्यशैली अपने देश को जाति, धर्म, संप्रदाय के नाम पर बांटने का काम करती है. ये समाज के लिए जहर है.

उन्‍होंने कहा कि यह उनके अकेले का नहीं, बल्कि उनके पार्टी और परिवार का काम है. उनके नजरिए में सिर्फ जय श्री राम बोलने वाला ही हिंदू हूं. जब किसी के विश्वास को लेकर सवाल उठाए जाते हैं, तो वह गलत है. यही देश में चिंता का विषय भी है. कांग्रेस नेता ने रविवार को कहा कि भारतीय मतदाता ने हमेशा चौंकाया है और भाजपा को भी एक दिन इसके बारे में पता चल जाएगा.

थरूर की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, पंजाब और मणिपुर में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार की पृष्ठभूमि में आई है. थरूर ने जयपुर साहित्य महोत्सव (जेएलएफ) में कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड और गोवा में बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी. हमारे पास अकेली सबसे बड़ी पार्टी होने की बहुत अच्छी संभावनाएं थीं.

यूपी में कांग्रेस के अधिकाशं उम्‍मीदवारों की जमानत हुई जब्‍त

तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने कहा, ‘हालांकि मैं आपका ध्यान इस ओर आकृष्ट करना चाहता हूं कि दोनों राज्यों में मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम है और शायद इस स्थिति के लिए यह जिम्मेदार है.’ राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा के नेतृत्व में प्रचार अभियान के बावजूद, पार्टी 403 विधानसभा सीटों में से केवल दो पर ही जीत हासिल कर पाई. इसमें उसकी वोट हिस्सेदारी महज 2.33 प्रतिशत रही. साथ ही कांग्रेस पार्टी के अधिकांश उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई.

‘प्रियंका गांधी ने पार्टी के ल‍िए उल्लेखनीय और ऊर्जावान प्रचार किया’

थरूर ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी के लिए उल्लेखनीय और ऊर्जावान प्रचार किया. मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस को किसी एक व्यक्ति के प्रचार के आधार पर दोष दिया जा सकता है. प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार पर सांसद ने कहा, ‘आपने उन्हें हर जगह देखा होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा एक-दो बार गिरफ्तार किया जाना भी शामिल है. 66 वर्षीय नेता थरूर ने राजनीतिक विश्लेषकों द्वारा परिणामों को ‘पूर्वनिश्चित फैसले’ के रूप में वर्णित करने पर भी आश्चर्य व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बहुत कम लोगों ने एग्जिट पोल आने तक भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की थी.

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button