देश

संजय सिंह ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- विधायक तोड़ने की कोशिश हुई विफल

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच में वाकयुद्ध चल रहा है। इसी बीच आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने सोमवार को भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नारद स्टिंग ऑपरेशन के दौरान भाजपा ने मुकुल रॉय के भ्रष्टाचार को खोलने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि नारद स्टिंग ऑपरेशन में मुकुल रॉय के साथ शामिल सभी लोग भाजपा में शामिल हो गए। शारदा घोटाला और नारद स्टिंग ऑपरेशन खत्म हो गया।

संजय सिंह ने कहा कि भाजपा में शामिल होने के साथ ही मुकुल रॉय का भ्रष्टाचार खत्म हो गया और तो और भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया। दूसरा मामला हिमंत बिस्व सरमा का वाटर घोटाला है। उन्होंने कहा कि वाटर घोटाला को लेकर अमेरिका तक में चार्टशीट लगी और वहां पर सवाल उठे। उस वक्त असम के भाजपा के लोग आज कहीं भी मुंह दिखाने के लायक नहीं हैं। भाजपा नेता तो बुकलेट जारी करके हिमंत बिस्व सरमा के वाटर घोटाले की कहानी बता रहे थे। भाजपा ने कहा कोई चिंता की बात नहीं, किया होगा हजारों-करोड़ों को घोटाला हमारे साथ आ जाओ हम तुम्हें मुख्यमंत्री बना देंगे।

उन्होंने कहा कि हिमंत बिस्व सरमा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आ गए और उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया गया। इसके अलावा संजय सिंह ने देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार की बात कही। उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस पूरे चुनाव के दौरान अजित पवार के लिए कहते थे पवार साहब चक्की पीसिंग पीसिंग… उनका बहुत बड़ा घोटाला है लेकिन सुबह-सुबह साढ़े छह बजे चोरी-चोरी चुपके-चुपके फिल्म की तरह गए और शपथ लेकर आ गए। नारायण राणे के खिलाफ जमीन घोटाले का मामला चल रहा था, भाजपा ने उनको अपने साथ लाया, उनकी पार्टी का विलय करा लिया फिर उन्हें राज्यसभा लाए और इसके बाद केंद्रीय मंत्री बना दिया।

संजय सिंह ने कहा कि टेलीकॉम घोटाले को लेकर भाजपा ने 30 दिन तक संसद चलने नहीं दी थी। ये है भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा… सुखराम जी के टेलीकॉम घोटाले को लेकर संसद नहीं चलने दी लेकिन उसी सुखराम को हिमाचल प्रदेश में अपनी सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ आने के बाद ईडी-सीबीआई की जांच बंद हो जाती है।

इसी बीच उन्होंने कहा कि भाजपा मनीष सिसोदिया को अपने साथ लाने का प्रयास कर रहे थे और कह रहे थे कि आज जाओ हमारे साथ, गिरा दो दिल्ली सरकार, हम तुम्हारे ईडी और सीबीआई के केस समाप्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सीबीआई-ईडी का प्रयोग कर महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गोवा में विधायक तोड़कर सरकार बनाई। दिल्ली में भाजपा का वो प्रयोग पूरी तरह से फेल हो गया! भाजपा ने मनीष सिसोदिया से कहा- साथ आओ तो आपके केस ख़त्म। मनीष जी का जवाब- हम महाराणा प्रताप के वंशज हैं। भागेंगे नहीं, लड़ेंगे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button