देश

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक शनिवार से रायपुर में, जुटेंगे दिग्गज

  • -संघ प्रमुख भागवत, सरकार्यवाह होसबाले समेत सभी प्रमुख पदाधिकारी रहेंगे मौजूद
  • -भाजपा, विहिप और अभाविप समेत 36 संगठनों के पदाधिकारी भी करेंगे शिरकत

रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक शनिवार से रायपुर में शुरू हो रही है। तीन दिवसीय इस बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले समेत सभी प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में भाजपा, विहिप, बीएमएस, अभाविप समेत 36 संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को ही रायपुर पहुंच गए।

संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि संघ से प्रेरित समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विविध संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों की समन्वय बैठक 10 से 12 सितंबर को रायपुर में आयोजित की गई है। अखिल भारतीय स्तर की यह समन्वय बैठक प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। इस बार यह रायपुर में हो रही है। पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार, महानगर संघचालक महेश बिरला, प्रांत प्रचार प्रमुख कनिराम भी उपस्थित थे।

सुनील आंबेकर ने कहा कि संघ की गतिविधियां या बैठक अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होती हैं। तीन दिवसीय इस समन्वय बैठक में सांगठनिक कार्ययोजना को लेकर चिंतन-मनन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक के देशभर के 36 अनुषांगिक संगठन इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक में पर्यावरण मुद्दे से लेकर राष्ट्रीय पुनर्निर्माण आदि पर चर्चा होगी। इस बैठक में सभी प्रतिनिधि अपने अनुभवों को साझा करते है। उन्होंने पिछली बैठक के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कुछ सामाजिक विषयों को लेकर संगठन के सामूहिक प्रयासों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एक जैसे विषयों पर सामूहिक रूप से कैसे काम हो रहा है और कैसे इसे किया जा सकता है, इसपर भी बैठक में विचार किया जाता है। संघ के द्वारा कुछ गतिविधिया भी चलती हैं, जैसे पर्यावरण आज समाज का महत्वपूर्ण विषय है। इसे लेकर समाज में बहुत से संगठन सक्रिय रहते हैं। कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता का विषय है, ऐसे कई विषयों पर सभी संगठन मिलकर काम करते हैं, तो ऐसे विषयों को लेकर भी यहां पर चर्चा होगी। बैठक में सभी संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी अपने-अपने कार्य एवं उपलब्धियों पर प्रस्तुति देते हुए विस्तार से चर्चा करते हैं। शिक्षा एवं वैचारिक क्षेत्र, आर्थिक जगत, सेवा कार्य तथा विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।

बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित संघ के पांचों सह सरकार्यवाह तथा अन्य प्रमुख पदाधिकारी सहभागी होंगे। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के हिरण्यमय पंड्या एवं बी सुरेंद्रन, विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार एवं मिलिंद परांडे, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आशीष चौहान एवं निधि त्रिपाठी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा एवं बीएल संतोष तथा भारतीय किसान संघ के दिनेश कुलकर्णी, विद्याभारती के रामकृष्ण राव एवं जीएम काशीपती, राष्ट्र सेविका समिति से वंदनीया शांताक्का तथा अन्नदानम् सीताक्का, वनवासी कल्याण आश्रम के रामचन्द्र खराडी एवं अतुल जोग सहित कुल 36 संगठनों के प्रातिनिधि इसमें सहभागी होंगे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button