उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

अयोध्या में कल जो असंख्य दीपक प्रज्‍ज्‍वलित हुए थे, वे अयोध्या, उत्तर प्रदेश और देश के विकास का प्रतिनिधित्व कर रहे थे : योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने सोमवार को प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामना देते हुए सुझाव दिया कि किसी गरीब या कमजोर व्‍यक्ति के साथ दीपावली मनाएं तो खुशी दोगुनी हो जाएगी।उन्‍होंने अयोध्या में दीपोत्सव में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया। सोमवार को योगी अयोध्‍या में थे जहां उन्‍होंने रामलला और हनुमानगढ़ी में हनुमान के दर्शन और पूजन किये।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो साझा किया जिसमें वह अयोध्या में पत्रकारों से करते हुए नजर आ रहे हैं। उस वीडियो में मुख्यमंत्री ने कहा, आज दीपावली के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों से मैं यही कहूंगा कि हम दीपावली के पर्व को अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास के साथ तो मनाएंगे ही, लेकिन हमें किसी गरीब, किसी कमजोर व्यक्ति को भी इसके साथ जोड़ना चाहिए जिससे खुशी और दोगुनी हो जाएगी। उन्‍होंने कहा, मैं गोरखपुर जा रहा हूं, वहां वनवासियों, गिरवासियों, वनटांगिया आदि लोगों के साथ दीपावली के आयोजन में मैं भाग लूंगा। अभी हम अयोध्या के पूज्य संतों के साथ बैठे थे और मैंने दीपावली की शुभकामना दी।

उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन के प्रति आभार जताते हुए कहा, हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आभारी हैं, जिनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन में अयोध्या का दीपोत्सव आज से छह वर्ष पहले प्रारंभ हुआ और कल उसे एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए अयोध्या वासियों को उनका सानिध्य मिला। आज दीपावली है, मैं दीपावली की मंगलमय शुभकामना पूरे प्रदेश वासियों को देता हूं। योगी ने कहा, अयोध्या में कल जो असंख्य दीपक प्रज्‍ज्‍वलित हुए थे, वे अयोध्या, उत्तर प्रदेश और देश के विकास का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उसके साथ देश की भावनाएं, सनातन हिंदू धर्मावलंबियों की भावनाएं जुड़ी हुई थीं और उस संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को राम नगरी अयोध्या में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में सरयू के तट पर लाखों दीयों की मनोरम छटा के साक्षी बने और भगवान राम के शासन के मूल्यों को अपनी सरकार के सबका साथ, सबका विकास के लक्ष्य का आधार बताया। राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त 2020 को शिलान्यास करने के बाद पहली बार अयोध्या पहुंचे प्रधानमंत्री पवित्र सरयू नदी के तट पर स्थित राम की पैड़ी पर 15 लाख 76 हजार दीए जलाए जाने के विश्व रिकॉर्ड के साक्षी बने। मुख्यमंत्री ने सोमवार को अयोध्या में रामलला और हनुमानगढ़ी में हनुमान के दर्शन और पूजन किये।

योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, दीपावली के पावन अवसर पर आज धर्मनगरी अयोध्या जी स्थित हनुमानगढ़ी में प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त, हर कष्टों को हरने वाले श्री हनुमान जी का दर्शन पूजन कर चराचर जगत के कल्याण की कामना की। उन्‍होंने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, सप्तपुरियों में श्रेष्ठ, धर्म और अध्यात्म की पावन नगरी श्री अयोध्या जी में आज दीपावली के पावन अवसर पर कोटि कोटि जन की आस्था के केंद्र श्री रामलला के दर्शन पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। कृपासिंधु, भक्त वत्सल, ब्रह्मांड नायक प्रभु श्री राम जी की दया सभी पर बनी रहे। जयश्रीराम।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button