देशबड़ी खबर

बिहार: दो घंटे तक रणक्षेत्र बना रहा पटना का जेठुली गांव, फायरिंग में दो लोगों की मौत, घरों में लगा दी आग

पटना: बिहार की राजधानी पटना के नदी थाना क्षेत्र के जेठुली गांव में रविवार को खूनी संघर्ष में दो लोगों की जान चली गई। गंगा घाट पर ट्रैक्टर की पार्किंग को लेकर हुए विवाद में दर्जनों राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। फायरिंग के बाद घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पूर्व जिला पार्षद उपाध्यक्ष मीणा देवी पति उमेश राय के घर व पास में मौजदू विवाह घर को आग के हवाले कर दिया। नाराज लोगों ने कई घरों को निशाना बनाया। यही नहीं, एक गाड़ी को भी फूंक दिया गया। इस हिंसक वारदात का पता चलते ही दर्जनों की संख्या में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

पटना के एसएसपी ने बताया कि जिले के जेठुली गांव में पार्किंग विवाद को लेकर दो समूहों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद भीड़ ने कुछ इमारतों में आग लगा दी। इस हिंसक वारदात में दो लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हैं। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। इलाके में तनाव है लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

https://twitter.com/ANI/status/1627303859495501824?t=AiHH6kJR1jgDl1T-C2Oh3w&s=19

पुलिस के सामने हुई फायरिंग, एसपी ने कहा- जांच की जाएगी

एसपी सिटी, पटना, सैयद इमरान मसूद ने बताया कि रविवार को दो गुटों के बीच मारपीट की घटना हुई जिसमें एक गुट द्वारा फायरिंग के साथ मामले ने हिंसक रूप ले लिया। हमें 2 लोगों की मौत की जानकारी मिली है और पांच लोग घायल हैं। ग्राम प्रधान समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस स्थिति सामान्य होने तक जेठुली में कैंप करेगी स्थिति पर नजर रखेगी। सिटी एसपी ने बताया कि घटना में एक आरोपी के घर में आग लगा दी गई और उस पर काबू पा लिया गया। कुछ स्थानीय लोगों ने कहा कि एक पुलिस एसआई के सामने गोलियां चलाई गईं। अगर ऐसा हुआ है तो यह एक गंभीर मामला है और इसकी जांच की जाएगी।

दो घंटे तक रणक्षेत्र बना रहा जेठुली गांव 

घटना रविवार करीब दोपहर 1:30 बजे हुई, जिसके  बाद जेठुली गांव से गुजरने वाली फतुहा पटना स्टेट मार्ग करीब दो घंटे तक रणक्षेत्र बना रहा। काफी देर तक मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद रहा। पुलिस लाइन से सौ अतिरिक्त जवानों को गांव में भेजा गया। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। मृतकों की पहचान प्रमोद राय के पुत्र गौतम कुमार (24वर्ष) और नागेन्द्र राय के पुत्र रौशन कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना में घायल राजेंद्र राय के पुत्र मुनारिका राय, नागेंद्र राय और चनारिका राय का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button