देश

ईडी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री की बेटी कविता को पूछताछ के लिए भेजा समन

  • जांच एजेंसी ने दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में पूछताछ के लिए बुलाया

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता को समन भेजा है। ईडी ने विधान परिषद सदस्य के. कविता को 9 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने हैदराबाद के कारोबारी रामचंद्र पिल्लई के सामने बैठाकर पूछताछ करने के लिए बुलाया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन के मामले में पूछताछ के लिए के. कविता को तलब किया है। सूत्रों ने बताया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता 44 वर्षीय कविता को 9 मार्च को दिल्ली में केंद्रीय जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है।

इसको लेकर के. कविता ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि मुझे ईडी ने 9 मार्च को दिल्ली में पेश होने के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करते हुए मैं जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगी। हालांकि, 10 मार्च को जंतर-मंतर पर धरने और पूर्व नियोजित कार्यक्रमों के चलते पूछताछ की तारीख को लेकर विचार करूंगी।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं को लेकर दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया अभी तिहाड़ जेल में हैं। ईडी ने इस मामले में एक दिन पहले तिहाड़ जेल में भी उनसे लंबी पूछताछ की थी। वहीं, हैदराबाद के कारोबारी रामचंद्र पिल्लई को गिरफ्तार किया गया है। पिल्लई से भी जांच एजेंसी ने पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उन्हें भी जेल भेज दिया गया है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button