देशबड़ी खबर

बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा कर कांग्रेस ने भगवान हनुमान का ‘अपमान’ किया: भाजपा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक में सत्ता में आने पर बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा कर कांग्रेस ने भगवान हनुमान का ‘अपमान’ किया है। सत्तारूढ़ पार्टी ने दावा किया कि आगामी 10 मई को लोग मतदान के जरिए कांग्रेस को करारा जवाब देंगे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कर्नाटक चुनाव के लिये कांग्रेस के घोषणापत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा देश में प्रतिबंधित संगठन ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ को ‘बचाने’ का प्रयास है।

उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक चुनाव के मद्देनजर आज कांग्रेस ने झूठ का पुलिंदा यानी अपना घोषणापत्र जारी किया… यह दुस्साहसी और तुष्टिकरण की राजनीति की पराकाष्ठा है। यह भगवान हनुमान का अपमान करके पीएफआई को बचाने का कांग्रेस का प्रयास है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक की पवित्र भूमि में ऐसा वादा किया है। पात्रा ने कहा, ”हनुमान जी कर्नाटक के गौरवशाली देव हैं, कर्नाटक की भूमि हनुमान जी की भूमि है। कांग्रेस ने हमारे देवता का अपमान किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह दुस्साहस है… कर्नाटक हमारे भगवान हनुमान जी का इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा।’’ उन्होंने कहा कि राज्य के लोग 10 मई को मतदान के जरिए कांग्रेस को करारा जवाब देंगे। कांग्रेस के घोषणापत्र में कहा गया है, ‘‘हमारा मानना है कि कानून और संविधान पवित्र हैं। कोई व्यक्ति या बजरंग दल, पीएफआई और नफरत एवं शत्रुता फैलाने वाले दूसरे संगठन, चाहे वह बहुसंख्यकों के बीच के हों या अल्पसंख्यकों के बीच के हों, वे कानून और संविधान का उल्लंघन नहीं कर सकते। हम ऐसे संगठनों पर कानून के तहत प्रतिबंध लगाने समेत निर्णायक कार्रवाई करेंगे।’’

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button