देश

चक्रवात बिपारजॉय के बाद बने दबाव के चलते उत्तर गुजरात में भारी बारिश

अहमदाबाद। चक्रवाती तूफान बिपारजॉय के बाद बने दबाव के चलते उत्तर गुजरात के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश हुई जिससे बनासकांठा जिले के कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सौराष्ट्र क्षेत्र सहित गुजरात के विभिन्न हिस्सों में अगले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बनासकांठा जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि बनासकांठा के धनेरा तालुका के कई गांव बाढ़ जैसी स्थिति के कारण प्रभावित हुए हैं। अधिकारी ने कहा कि जदिया गांव में पानी में बह जाने से 20 गायों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि राहत कार्य में स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए वरिष्ठ अधिकारी धनेरा पहुंच गए हैं। चक्रवात बिपारजॉय बृहस्पतिवार शाम को गुजरात में कच्छ तट पर जखौ के पास टकराया था जिससे कई पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए थे और घरों को नुकसान पहुंचा था।

आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटे में हुई बारिश, चक्रवाती तूफान बिपारजॉय के बाद दक्षिण राजस्थान के मध्य हिस्से और पड़ोसी क्षेत्र पर बने दबाव का परिणाम थी। उत्तरी गुजरात के बनासकांठा और साबरकांठा जिलों में सोमवार को सुबह छह बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटे में भारी से बहुत भारी बारिश हुई।

राज्य आपात अभियान केंद्र (एसईओसी) ने कहा कि बनासकांठा के दांता तालुका में पिछले 24 घंटे के दौरान 126 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद अमीरगढ़ (बनासकांठा) में 86 मिलीमीटर, खेड़ब्रह्मा (साबरकांठा) में 82 मिलीमीटर, विजयनगर (साबरकांठा) में 74 मिलीमीटर, पोशिना साबरकांठा) में 69 मिलीमीटर और साबरकांठा के वडाली तालुका में 37 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button