उत्तर प्रदेशलखनऊ

गन्ना मूल्य का त्वरित भुगतान सुनिश्चित कराने हेतु भी अधिकारियों को बैठक में दिये गये निर्देश

प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री, लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में लाल बहादुर शास्त्री, गन्ना किसान संस्थान के सभागार में समीक्षा बैठक हुई। समीक्षा बैठक में गन्ना विकास राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार एवं प्रमुख सचिव चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग वीना कुमारी के साथ गन्ना आयुक्त श्री प्रभु एन. सिंह भी उपस्थित रहे।

गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी द्वारा समीक्षा बैठक के दौरान जिला योजना के अन्तर्गत वर्ष 2023-24 में वित्तीय लक्ष्य एवं पूर्ति, महिला स्वयं सहायता समूहों का गठन, सीडलिंग उत्पादन/वितरण, लम्बित गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति, नई खाण्डसारी इकाईयों की स्थापना एवं संचालन, वर्ष 2023-24 में प्राप्त बजट के व्यय की स्थिति एवं गन्ना सर्वेक्षण तथा गन्ना मूल्य भुगतान आदि बिन्दुओं पर समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

समीक्षा बैठक में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी द्वारा बैठक में प्रतिभाग करने वाले विभिन्न संवर्गो के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा गया कि जिला योजना के अन्तर्गत भौतिक लक्ष्यों के साथ-साथ वित्तीय लक्ष्य पूर्ति भी समय से होनी चाहिए। उन्होंनें महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन एवं सीडलिंग उत्पादन तथा वितरण के संबंध में भी विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि लाइसेन्स प्राप्त बन्द खाण्डसारी इकाइयों का शीघ्र संचालन शुरू कराया जाये। उन्होंने शासकीय बजट के व्यय एवं सदुपयोग करने हेतु भी निर्देश दिये। गन्ना मंत्री द्वारा अवैध गन्ना खरीद एवं घटतौली पर अंकुश लगाने के निर्देश भी दिये गये।

समीक्षा बैठक के दौरान गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विभागीय योजनाओं के लाभार्थियों की सूची क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करायी जाये, जिससे सरकार द्वारा कराये जा रहे कार्यो का प्रचार-प्रसार हो सके। उन्होंने अधिकारियों को अपने कार्य क्षेत्र के संबंध में सूचनाओं से अद्यतन रहने हेतु भी निर्देशित किया।

बैठक में विभाग की प्रमुख सचिव, वीना कुमारी द्वारा गन्ना मूल्य का त्वरित भुगतान करने के साथ-साथ गन्ना किसानों की समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण करने हेतु भी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। आयुक्त, गन्ना एवं चीनी श्री प्रभु एन. सिंह द्वारा भी समीक्षा बैठक में महत्वपूर्ण विभागीय बिन्दुओं पर अधिकारियों को निर्देश दिये गये।

प्रबन्ध निदेशक, सहकारी चीनी मिल संघ द्वारा सहकारी एवं निगम क्षेत्र की चीनी मिलो में गन्ना मूल्य भुगतान की वर्तमान स्थिति, चीनी मिलों के संचालन, चीनी मिलों की कार्यप्रणाली, चीनी एवं शीरा स्टाक की स्थिति, आसवनियों के परिचालन की स्थिति आदि विषयों पर गन्ना मंत्री के समक्ष समीक्षात्मक प्रस्तुतिकरण भी दिया। समीक्षा बैठक में विशेष सचिव, उ.प्र. शासन एवं अपर चीनी आयुक्त राहुल पाण्डेय, अपर गन्ना आयुक्त (प्रशासन) प्रणय सिंह, विशेष सचिव, उ.प्र. शासन शेष नाथ सिंह एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों में अपर गन्ना आयुक्त वी.के. शुक्ल, डॉ. वी.बी. सिंह, संयुक्त गन्ना आयुक्त विश्वेश कनौजिया एवं अमर सिंह उपस्थित रहे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button