25 जुलाई तक नई टीम का होगा गठन, जिलों में 98 आब्जर्वर नियुक्त

लखनऊ। यूपी में लोकसभा चुनावों के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी बड़ा संगठनात्मक बदलाव करने जा रही है। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और वरिष्ठ नेताओं ने जिला प्रभारियों के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में 98 आब्जर्वर की नियुक्ति की गई है। ये आब्जर्वर 15 जुलाई तक जिलाध्यक्षों के फाइनल नाम की लिस्ट प्रदेश संगठन को सौंपेंगे। इस लिस्ट के मुताबिक 25 जुलाई तक जिलों में भाजपा संगठन नई टीम का गठन करेगा।
पार्टी से जुड़े सूत्रों के अनुसार अभी तक जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए प्रभारी फीडबैक देते थे। ये फीडबैक स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं के इनपुट पर आधारित होता था। वहीं दूसरी तरफ यूपी के सभी जिलों में जिलाध्यक्ष बदले भी नहीं जाने हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि आब्जर्वर की नियुक्ति लोकसभा चुनावों के मद्देनजर की गई है। इन्हें जिलों में नई टीम के गठन के बाद कुछ और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।



