देशबड़ी खबर

विश्व बैंक के नए चीफ होने जा रहे अजयपाल बंगा दिल्ली दौरे में कोरोना पॉजिटिव, देश में कोविड 19 के 1249 नए मामले

नई दिल्ली। विश्व बैंक के अध्यक्ष मनोनीत होने के बाद विभिन्न देशों के दौरे के क्रम में भारत पहुंचे अजयपाल सिंह बंगा कोविड संक्रमित पाये गए हैं। जिसके कारण उनकी मुलाकातों का कार्यक्रम गड़बड़ हो गया है। अमेरिका के राजदूतावास के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां बताया कि कल यहां पहुंचे बंगा कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्थानीय नियमों के अनुसार एकांत में रह रहे हैं। उनका यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिलने का कार्यक्रम था।

इन बैठकों में भारत की विकास प्राथमिकताओं तथा विश्व बैंक एवं दुनिया की आर्थिक विकास चुनौतियों पर प्रमुख रूप से चर्चा होनी थी। इसके अलावा बंगा को विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सहयोग से स्थापित लर्नेट इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स को देखने जाने का भी कार्यक्रम था। अमेरिकी प्रवक्ता ने बंगा के आगे के कार्यक्रम के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कहा।

देश में कोरोना वायरस की स्थिति

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,249 नए मामले आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,00,667 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 7,927 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, कर्नाटक और गुजरात में संक्रमण से एक-एक मरीज की मौत के बाद देश में मृतक संख्या बढ़कर 5,30,813 हो गई।

भारत में संक्रमण की दैनिक दर 1.19 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 1.14 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी 7,927 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.02 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.79 प्रतिशत है। देश में अभी कोविड-19 संबंधी 92.07 करोड़ जांच की गई है, जिनमें से 1,05,316 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटे में की गई।

अभी तक कुल 4,41,61,922 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, भारत में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.65 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी।

संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। चार मई 2021 को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। पिछले साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार चले गए थे।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button