देशबड़ी खबर

असम के उत्तर लखिमपुर में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के फाड़े गए बैनर, कांग्रेस ने कहा- यात्रा की सफलता से परेशान होकर बदमाशों ने उठाया कदम

उत्तर लखिमपुर (असम)। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि असम के उत्तर लखिमपुर शहर में उसकी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ का स्वागत करने वाले बैनर और पोस्टर फाड़े गए। यह यात्रा शनिवार को उत्तर लखिमपुर से गुजरेगी। राहुल गांधी की यात्रा राज्य में तीसरे दिन शनिवार को फिर से शुरू हुई और यह आज अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करने से पहले लखिमपुर जिले के कई हिस्सों से गुजरेगी।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के नेता भरत नाराह ने आरोप लगाया कि उत्तर लखिमपुर शहर इलाके में ज्यादातर बैनर, पोस्टर और होर्डिंग को शुक्रवार रात को क्षतिग्रस्त किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा की सफलता से परेशान होकर बदमाशों ने सभी होर्डिंग और पोस्टर फाड़ दिए हैं।’’

पूर्व मंत्री और नाओबोइचा निर्वाचन क्षेत्र से विधायक नाराह ने कहा, ‘‘असम के राजनीतिक इतिहास में हमने कभी प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक दलों को दूसरी पार्टी के बैनर और पोस्टर फाड़ते हुए नहीं देखा।’’ एपीसीसी की मीडिया इकाई का नेतृत्व करने वाले नाराह ने यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली राज्य सरकार यात्रा के लिए रोड़े अटका रही है जिसमें लोगों को इसमें भाग लेने से रोकना भी शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें खबरें मिली है कि नौकाओं की बैटरियां हटा दी गयी है। ईंधन डिपो खाली पड़े हैं ताकि लोग अपने वाहनों के साथ ना आ सकें। लेकिन हम उन्हें बताना चाहते हैं कि कोई चीज यात्रा को सफल होने से नहीं रोक सकती।’’ पार्टी ने एक वीडियो साझा किया है जिसमें कुछ लोग उत्तर लखिमपुर शहर में कांग्रेस नेताओं की तस्वीरों वाले पोस्टर फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इस वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को माजुली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दक्षिण से उत्तर की ओर अपनी पहली यात्रा के दौरान उसे भाजपा शासित राज्यों में उतनी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ा, जितना दूसरी यात्रा के दौरान पूर्वोत्तर के राज्य में करना पड़ रहा है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button