देशबड़ी खबर

‘कांग्रेस को भारत माता की जय और वंदे मातरम से दिक्कत है’, शिमला में बोले पीएम मोदी

लोकसभा चुनाव 2024 अब कुछ ही दिनों में समाप्त होने वाला है। देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 5 चरणों के चुनाव समाप्त हो चुके हैं तो वहीं, 25 मई को छठे और 1 जून को सातवें यानी आखिरी चरण के लिए वोटिंग होगी 4 जून को लोकसभा चुनाव 2024 परिणाम आएगा। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की कुल 4 सीटें हैं जिनपर सभी दलों की नजर है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी  शुक्रवार को को हिमाचल प्रदेश के शिमला में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे हैं। आइए जानते हैं कि पीएम मोदी ने रैली में क्या सब कहा है।

सिरमौर की सबसे बड़ी रैली- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय से की। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे अपने घर आया हूं। उन्होंने कहा कि मेरे लिए सिरमौर नई जगह नहीं है लेकिन आज का माहौल कुछ और ही है। मैं भी कभी पार्टी का काम करता था लेकिन इतनी बड़ी रैली कभी नहीं करवा पाया। शायद ही कभी सिरमौर में किसी रैली में आज तक इतनी भीड़ आई हो। पीएम मोदी ने कहा कि जब उन्हें यहां कोई नहीं जानता था तब भी लोगों ने उन्हें प्यार और आशीर्वाद दिया। समय बदला है लेकिन मोदी नहीं। आज भी मेरा रिश्ता हिमाचल से वैसा ही है। पीएम मोदी ने कहा कि अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई भी कहते थे कि हिमाचल उनका घर है। क्योंकि उन्होंने भी यहीं पढ़ाई की थी।

तीसरी बार आशीर्वाद मांगने आया हूं- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज मैं आपके पास तीसरी बार भाजपा सरकार के लिए आशीर्वाद मांगने आया हूं। पीएम ने कहा कि ये आशीर्वाद मुझे मेरे लिए, मेरे परिवार या मेरी जाति बिरादरी के लिए नहीं चाहिए। ये आशीर्वाद मुझे ताकतवर भारत, विकसित भारत और विकसित हिमाचल बनाने के लिए चाहिए।

मोदी सरकार की वापसी पक्की- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि 5 चरणों के चुनाव समाप्त हो चुके है और देश में मोदी सरकार की वापसी पक्की हो चुकी है। इस बार हिमाचल 4-0 कर के हैट्रिक लगाएगा। पीएम ने कहा कि हम देवभूमि के लोग हैं। हम अपना वोट कैसे बर्बाद कर सकते हैं। पीएम ने कहा कि फिर एक बार मोदी सरकार।

पाकिस्तान सिर पर चढ़कर नाचता था- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल सीमा से सटा राज्य है और यहां के लोग एक मजबूत सरकार का मतलब जानते हैं। मोदी अपनी जान की बाजी लगा देगा लेकिन आप पर कभी संकट नहीं आने देगा। पीएम मोदी ने कहा कि लोगों ने कांग्रेस की सरकार देखी है जब एक कमजोर सरकार हुआ करती थी। तब पाकिस्तान हमारे सिर पर चढ़कर नाचता था। भारत सरकार दुनिया में गुहार लगाती फिरती थी। मोदी ने कहा कि भारत अब दुनिया के सामने भीख नहीं मांगेगा और अपनी लड़ाई खुद लड़ेगा। और फिर भारत ने घर में घुसकर मारा। आज देखिए पाकिस्तान की हालत क्या हो गई है।

हिमाचल के पहाड़ों ने हौसला रखना सिखाया

पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल के पहाड़ों ने उन्हें हौसला रखना सिखाया है और यहां की बर्फ ने ठंडे दिमाग से सोचना सिखाया है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं मां भारती का अपमान नहीं सह सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत माता की जय और वंदे मातरम से समस्या है। ऐसी कांग्रेस देश का भला नहीं कर सकती। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में बॉर्डर पर सड़के नहीं बनती थी। कांग्रेस डर जाती थी कि उसी सड़क से दुश्मन अंदर आ जाएगा। ऐसी डरपोक सोच मोदी के दिमाग से मेल नहीं खाती। मोदी ने कांग्रेस के मुकाबले कहीं ज्यादा पैसे दिए और कहा कि बॉर्डर किनारे सड़कें और इंफ्रास्ट्रक्टर बनाओ।

कांग्रेस ने 4 दशक तक फौजियों को तरसाया 

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 4 दशक तक फौजी परिवारों को वन रैंक वन पेंशन के लिए तरसाया और पूर्व सैनिकों की आंखों में धूल झोंकी। मैंने 2013 में पूर्व सैनिकों के सामने गारंटी दी थी कि वन रैंक वन पेंशन लागू होगा। इसके बाद कांग्रेस ने 500 करोड़ रुपये का टोकन डालकर कह दिया कि हम भी वन रैंक वन पेंशन लागू करेंगे जो कि फौजियों के साथ एक मजाक था। मोदी ने जब वन रैंक वन पेंशन लागू करवाया तब से फौजियों को भाजपा सरकार सवा लाख करोड़ रुपये दे चुकी है।

कांग्रेस के पास बर्बादी का मॉडल- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि एक ओर मोदी की गारंटी और दूसरी ओर कांग्रेस का बर्बादी का मॉडल। कांग्रेस ने राज्य की सत्ता पाने के लिए खूब झूठ बोला। पहली कैबिनेट के को लेकर कई वादे कर लिए। पहली कैबिनेट में कुछ हुआ नहीं और कैबिनेट ही टूट फूट गई। कांग्रेस ने कहा था कि आपको 1500 रुपये देगी लेकिन नहीं आया। कांग्रेस ने गोबर का पैसा देने का वादा किया और नहीं दिया। पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरी मिलनी थी वो नहीं मिली। रैली में आई जनता ने पीएम मोदी की हां में हां मिलाया। पीएम ने कहा कि हिमाचल में तालाबाज सरकार है जिसने नौकरी के आयोग पर ही ताला लगा दिया।

सामान्य वर्ग के लोग भी गरीब हो सकते हैं

पीएम ने कहा कि मैं 30 साल से हिमाचल में आता रहा हूं। पीएम बनने से अब तक शायद ही कोई ऐसा साल रहा हो जब यहां कि मिट्टी को सिर से लगाने के लिए नहीं आया। पीएम ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन स्वार्थी और अवसरवादी है। इनमें तीन चीजें समान मिलेंगी- ये घोर सांप्रदायिक हैं, ये घोर जातिवादी हैं और ये घोर परिवारवादी हैं। 60 साल तक कांग्रेस ने सोचा ही नहीं कि सामान्य वर्ग के लोग भी गरीब हो सकते हैं। उन्हें भी आरक्षण की जरूरत है। मोदी ने उनके गरीब बच्चों के लिए 10 फीसदी आरक्षण दिया और देश में कोई झगड़ा नहीं हुआ। ये आरक्षण किसी का हक मारकर नहीं दिया गया। पीएम ने कहा कि जब कोई कार्य नेक दिली से होता है तो मन में उत्साह भर जाता है। मोदी ने ये सभी काम लोगों का कर्ज उतारने के लिए किया है।

हम देश को और तोड़ने नहीं देंगे

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी वाले भारत को तबाह करने के लिए कैसे-कैसे खेल-खेल रहे हैं। हमारे संविधान ने जिस एससी, एसटी और ओबीसी को जो आरक्षण दिया उसे ये अपने वोट बैंक वालों को दे देना चाहते हैं। ये सिर्फ बातें नहीं करते। कर्नाटक में कांग्रेस ने ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को दे दिया। वह इस मॉडल पर आगे भी करना चाहते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इंडी गठबंधन वालों ने रातोंरात मुस्लिमों को ओबीसी बना कर आरक्षण दे दिया था। इन्होंने ओबीसी के हक पर डाका डाल दिया। कलकत्ता हाई कोर्ट ने इस आरक्षण को रद्द कर दिया लेकिन ममता बनर्जी कह रही कि वह आदेश नहीं मानेंगी। पीएम ने कहा कि अब हम इस देश को और तोड़ने नहीं देंगे।

ये वोट बैंक के लिए ही ये राम मंदिर का विरोध करते हैं

पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस और इंडी वालों के लिए कोई सगा है तो वो है उनका वोट बैंक। अपने वोट बैंक के लिए ही ये राम मंदिर का विरोध करते हैं। पहले ये राम मंदिर की तारीख को लेकर मजाक उड़ाते थे। हमने तारीख भी  बताई, समय भी बताया लेकिन इन लोगों ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का बहिष्कार किया। जब रामलला भव्य मंदिर में विराजित हुए तो लोगों को आनंद हुआ लोगों ने दिवाली मनाई। 500 साल की लड़ाई समाप्त हुई लेकिन कांग्रेस को ये भी बर्दाश्त नहीं है।

ये राम मंदिर पर ताला लगवा देंगे

पीएम ने कहा कि कांग्रेस के एक राजदार ने खुलासा किया है कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो राम मंदिर पर ताला लगवा देंगे और रामलला को वापस टेंट में भेज देंगे। पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को कांग्रेस को 1 जून को हर पोलिंग बूथ से साफ करना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि कोई सोचता नही था कि हिमाचल में IIIT, IIM और एम्स जैसे संस्थान हैं लेकिन अब मोदी है तो मुमकिन है। हिमाचल को अब बल्क ड्रग्स और मेडिकल पार्क मिला है। वंदे भारत ट्रेन मिली। पीएम ने कहा कि 5 किलो मुफ्त अनाज और 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मोदी की गारंटी है।

आपका बिजली बिल जीरो होगा- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि किसानों को किसान सम्मान निधि आती रहेगी। मोदी सरकार 3 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाएगी जिसमें हजारों महिलाएं हिमाचल की होगी। मोदी आपका बिजली बिल जीरो करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को शुरू कर दिया गया है। इससे आपका बिजली बिल तो जीरो होगा ही साथ लोग बिजली बेच कर कमाई भी करेंगे। सोलर पैनल के लिए सरकार 75 हजार रुपये देंगे। पीएम मोदी ने कहा कि जैसे पहले गारंटियां पूरी हुई वैसे ही ये भी गारंटी पूरी होगी। पीएम मोदी ने कहा कि मेरा संकल्प है कि गरीब के घर का चूल्हा जलता रहे और उसका बच्चा भूखा पेट न सोए। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 5 साल तक मुफ्त राशन योजना चलती रहेगी। पीएम मोदी ने कहा कि सभी लोग सुरेश कश्यप को वोट दें। ये वोट सीधा मुझे ही जाएगा।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button