देशबड़ी खबर

बिहार की NDA सरकार में मंत्रालयों का बंटवारा, नीतीश ने गृह विभाग अपने पास रखा, डिप्टी सीएम को मिली ये जिम्मेदारी

पटना। 28 जनवरी को शपथ ग्रहण होने के बाद अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दोनों डिप्टी सीएम के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को वित्त विभाग की जिम्मेदारी दी गई है जबकि डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को पथ निर्माण और कृषि विभाग का दायित्व दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह विभाग अपने पास ही रखा है।

सीएम नीतीश ने नए मंत्रिमंडल में विभागों का आवंटन करते हुए गृह विभाग अपने पास रखा जबकि वित्त विभाग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दिया है।

एक अधिसूचना के अनुसार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को वित्त विभाग का प्रभार सौंपा गया है। भाजपा ने जब भी जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के साथ सत्ता साझा की है तो उसे हमेशा वित्त विभाग मिला है। इसमें कहा गया है कि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को कृषि तथा सड़क निर्माण का अहम प्रभार सौंपा गया है।

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पास गृह, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन के अलावा ऐसे सभी विभाग जो किसी को आवंटित नहीं है, रखा है।

वहीं, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वित, वाणिज्य-कर, नगर विकास एवं आवास, स्वास्थ्य, खेल, पंचायती राज, उद्योग, पशु एवं मत्स्य संसाधन और विधि विभाग जबकि उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को कृषि, पथ निर्माण, राजस्व एवं भूमि सुधार, गन्ना उद्योग, खान एवं भूतत्व, श्रम संसाधन, कला, संस्कृति एवं युवा, लघु जल संसाधन और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की जिम्मेवारी दी गई है।

इसी तरह विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन, संसदीय कार्य, भवन निर्माण, परिवहन, शिक्षा और सूचना एवं जन-संपर्क, विजेन्द्र प्रसाद यादव को ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, ग्रामीण कार्य और अल्पसंख्यक कल्याण, डा० प्रेम कुमार को सहकारिता, पिछडा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन और पर्यटन, श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, संतोष कुमार सुमन को सूचना प्रावैधिकी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण तथा सुमित कुमार सिंह को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा विभाग आवंटित किया गया है।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button