देशबड़ी खबर

डॉ मोहन यादव होंगे मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री, चुने गए विधायक दल के नेता

भोपाल। उज्जैन दक्षिण से भाजपा विधायक मोहन यादव मध्यप्रदेश के नये मुख्यमंत्री होंगे। पार्टी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ओबीसी नेता यादव (58) को शाम को भोपाल में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हुई बैठक में मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया।

वह निवर्तमान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल में उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में कार्यरत थे। मप्र में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन के बूते भाजपा ने राज्य में अपनी सत्ता बरकरार रखी है।

महाकाल की नगरी उज्जैन में जन्मे मोहन यादव संघ की भी हैं पसंद

भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के सर्वसम्मति से नेता चुने गए डॉ मोहन यादव अब राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। महाकाल की नगरी उज्जैन में जन्मे यादव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भी पसंद माने जा रहे हैं और “लो प्रोफाइल” रहकर कार्य करना इनकी विशेषता है।

उज्जैन में 25 मार्च 1965 को जन्मे यादव मौजूदा शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल में उच्च शिक्षा मंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं और वे उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर निर्वाचित हुए हैं। विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से शिक्षा ग्रहण करने वाले अट्ठावन वर्षीय  यादव ने बी एस सी, एलएलबी, राजनीति विज्ञान में एमए के अलावा एमबीए तक शिक्षा हासिल की है। उन्होंने पीएचडी भी की है।

डॉ यादव के पिता का नाम पूनमचंद यादव हैं और उनकी पत्नी सीमा यादव हैं। उनके दो पुत्र और एक पुत्री है। उनकी पर्यटन, संस्कृति, इतिहास, विज्ञान और खेलकूद में काफी रुचि है। डॉ यादव का राजनैतिक जीवन में प्रवेश उज्जैन में 1982 में माधव साइंस कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के साथ हुयी, जब वे सह सचिव चुने गए। इसके बाद वे 1984 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों को संभाला।

इसके बाद वे भाजपा में भी सक्रिय हो गए और 2000 से 2003 तक उज्जैन नगर जिला महामंत्री भी रहे। वर्ष 2013 में वे मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष बने और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया। वे वर्ष 2013 में उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने और इसके बाद से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं।

वे राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार में दो जुलाई 2020 को राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री बने और अब तक इस दायित्व को संभालते आ रहे हैं। यादव आज यहां भाजपा विधायल दल की बैठक में नेता निर्वाचित होने के बाद भावविभोर हो गए और इसी अवस्था में उन्होंने मंच से सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए संक्षिप्त उद्बोधन दिया।

Computer Jagat 24

Founded in 2018, Computer Jagat24 has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Back to top button